एक थाने से तीन तो तीन थानों से दो-दो वाहन उड़ाए, एक ही रात में 14 वाहन हुए चोरी

इंदौर। नए साल में भी वाहन चोरी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है. सोमवार रात शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से वाहन चोरों ने 14 गाड़ियां उड़ा लीं. एक ही रात में इतनी बड़ी संख्या में वाहन चोरी की घटनाओं ने पुलिस की गश्त और दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सबसे ज्यादा तीन वाहन विजयनगर थाना क्षेत्र से चोरी हुए. इसके अलावा लसूड़िया, परदेशीपुरा और संयोगितागंज थाना क्षेत्रों से दो-दो गाड़ियों की चोरी की रिपोर्ट दर्ज हुई है. बाकी वाहन अन्य इलाकों से चोरी बताए जा रहे हैं. चोरी की इन घटनाओं में देर रात से सुबह तक का समय बताया गया है. शहर में पिछले कुछ वर्षों से वाहन चोरी लगातार बढ़ रही है. आंकड़ों के मुताबिक बीते तीन सालों में हर साल तीन हजार से अधिक गाड़ियां चोरी होने के मामले सामने आए हैं. इसके बावजूद चोरों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है. विजयनगर और लसूड़िया थाना क्षेत्र लंबे समय से वाहन चोरी के हॉट स्पॉट बने हुए हैं. यहां लगभग रोजाना वाहन चोरी की शिकायतें दर्ज हो रही हैं. पुलिस चोरी रोकने के लिए समय-समय पर नए प्लान और विशेष अभियान चलाने के दावे करती रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका असर नजर नहीं आ रहा है. लगातार बढ़ती वाहन चोरियों से आम लोग भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है, लेकिन फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.

Next Post

केन्द्रीय जेल में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन

Sun Feb 1 , 2026
भोपाल। केन्द्रीय जेल भोपाल में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. यह शिविर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव ने आयोजित किया. इस दौरान केंद्रीय जेल का निरीक्षण कर बंदियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली. उन्होंने बंदियों को कानूनी अधिकार यूटीआरसी, नि:शुल्क विधिक सहायता, […]

You May Like