हरारे, 30 जनवरी (वार्ता) फैसल शिनोजादा (163 ) की शतकीय और कप्तान महबूब खान (89) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर अफगानिस्तान ने शुक्रवार अंडर-19 विश्वकप सुपर सिक्स ग्रुप एक मुकाबले में आयरलैंड के खिलाफ सात विकेट पर 315 रनों का विशाल स्कोर बना लिया। आज यहां टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ही ओवर में खालिद अहमजई (एक) का विकेट गंवा दिया। उन्हें रूबेन विल्सन ने बोल्ड आउट किया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आये फैसल शिनोजादा ने उस्मान सादत के साथ पारी संभालने का प्रयास किया। इसी दौरान आठवें ओवर में थॉमस फोर्ड ने उस्मान सादत (14) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये उजैरुल्लाह नियाजई ने शिनोजादा के साथ तीसरे विकेट के लिए 75 रन जोड़े। 22वें ओवर में ओलिवर रिले ने उजैरुल्लाह नियाजई (26) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। कप्तान महबूब खान की शिनोजादा के साथ 188 रनों की साझेदारी अफगानिस्तान के लिए बड़ा स्कोर खड़ा करने में मददगार रही।
48वें ओवर में ओलिवर रिले ने फैसल शिनोदाजा को आउट किया। फैसल शिनोजादा ने 142 गेंदों में 18 चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 163 रनों की पारी खेली। विल्सन ने 49वें ओवर की पहली गेंद पर अजिज़ुल्लाह मियाखिल (एक) को अपना शिकार बना लिया। 50वें ओवर में महबूब खान (89) के रूप में अफगानिस्तान का सातवां विकेट गिरा। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के भी लगाये। अफगानिस्तान ने निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट पर 315 रनों का स्कोर बनाया। आयरलैंड के लिए रुबेन विल्सन और ओलिवर रिले ने तीन-तीन विकेट मिले। थॉमस फोर्ड ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

