जबलपुर: इंदौर ओवरनाइट एक्सप्रेस में जबलपुर से भोपाल जा रही एक महिला यात्री के गले से सोने का मंगलसूत्र झपटने वाले आरोपी को जीआरपी जबलपुर ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। महिला की शिकायत पर जीआरपी थाना जबलपुर में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक रेल सुंदर सिंह कनेश के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी एवं डीएसपी अंकिता सुल्या के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मक्का नगर निवासी 21 वर्षीय सोहित उर्फ शाहिद अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर सोने का पेंडल और चार सोने की गुरिया सहित करीब 35,500 रुपये कीमत का लूटा गया माल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इनकी रही विशेष भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत, एएसआई गोपाल सिंह राजपूत, हेड कांस्टेबल मनोज मिश्रा, अरुण तिवारी, सत्येंद्र सिंह, रविकांत रजक, ओमप्रकाश, कांस्टेबल परशुराम, गोपाल उमेश तथा आरपीएफ के आरक्षक हरिकेश और प्रेम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही
