
इंदौर. शहर में मादक पदार्थों की तस्करी पर कार्रवाई करते हुए नारकोटिक्स विंग की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है. टीम ने राजस्थान से एमडी ड्रग की खेप लेकर सप्लाई के इरादे से आए एक युवक को दबोच लिया. आरोपी के पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है.
डीएसपी नारकोटिक्स विंग संतोष सिंह हाड़ा ने बताया कि आरोपी की पहचान राजस्थान के जिला झालावाड़ स्थित डग निवासी लालचंद पिता बाबूलाल के रूप में हुई है. उसके कब्जे से 58 ग्राम एमडी ड्रग बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है. पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई नारकोटिक्स विंग के सहायक उप निरीक्षक विजय मिश्रा को मिली मुखबिर सूचना के आधार पर की गई. सूचना थी कि राजस्थान का एक युवक रात 12 से 1 बजे के बीच राजकुमार मिल सब्जी मंडी क्षेत्र में किसी को एमडी ड्रग की सप्लाई करने आने वाला है. सूचना के बाद टीम ने इलाके में घेराबंदी की. मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध युवक को रोका. तलाशी लेने पर उसके पास से एमडी ड्रग बरामद हुई, जिसे मौके पर जब्त कर लिया. इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक विजय मिश्रा के साथ आरक्षक पंकज जयभाय, राजरतन तायड़े और भूषण काले शामिल रहे. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह मादक पदार्थ कहां से लाया था और इसे किन-किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था.
