दूषित पेयजल से मौतें: यह लापरवाही नहीं, जनता की जान से अपराध- पटवारी

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने रविवार को इंदौर और महू में दूषित पेयजल से फैल रही बीमारियों और हो रही मौतों पर गहरा आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि जनता की जान के साथ किया जा रहा खुला अपराध है।

पटवारी ने आरोप लगाया कि इंदौर में दूषित पानी पीने से अब तक 28 निर्दोष लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद भाजपा सरकार ने न तो किसी जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई की और न ही किसी प्रकार की जवाबदेही तय की। उन्होंने कहा कि सरकार की यह निष्क्रियता जनस्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति उसकी असंवेदनशीलता को उजागर करती है।

महू का उल्लेख करते हुए पटवारी ने कहा कि वहां पेयजल की पाइपलाइनें सीवेज लाइनों के साथ बिछी होने के कारण घर-घर गंदा, बदबूदार और जहरीला पानी पहुंच रहा है। इसके चलते पिछले 10 से 15 दिनों में करीब 30 लोग पीलिया, हैजा और अन्य गंभीर संक्रमणों से पीड़ित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिक महीनों से शिकायतें कर रहे थे, लेकिन प्रशासन ने चेतावनियों को नजरअंदाज किया।

उन्होंने इसे भाजपा सरकार का “असली चेहरा” बताते हुए उस पर अहंकार, भ्रष्टाचार और मानव जीवन के प्रति घोर उदासीनता का आरोप लगाया। सरकार से सवाल करते हुए पटवारी ने पूछा कि इंदौर में 28 मौतों के बाद भी आखिर वह किस और कितनी बड़ी त्रासदी का इंतजार कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस जनता की जान से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं करेगी और तत्काल जवाबदेही तय करने की मांग की।

Next Post

उज्जैन-जावरा स्टेट हाईवे पर फिर हुई दुर्घटना, दादी एवं पौती की मौत

Sun Jan 25 , 2026
नागदा। स्टेट हाईवे-17 उज्जैन-जावरा एक बार फिर एक परिवार पर काल बन कर आया है। इस बार इस हाईवे ने एक बेटे के सामने ही उसकी मॉं और बेटी के प्राण ले लिए। रविवार दोपहर को हुई इस दुर्घटना में कांग्रेस के पूर्व पार्षद की पत्नि व पौत्री की मौत […]

You May Like