
नागदा। स्टेट हाईवे-17 उज्जैन-जावरा एक बार फिर एक परिवार पर काल बन कर आया है। इस बार इस हाईवे ने एक बेटे के सामने ही उसकी मॉं और बेटी के प्राण ले लिए। रविवार दोपहर को हुई इस दुर्घटना में कांग्रेस के पूर्व पार्षद की पत्नि व पौत्री की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार हाईवे पर आर्य पेट्रोल पंप के समीप दोपहर को एक दुर्घटना हो गई जिसमें दादी और पौती की मौत हो गई। फरियादी विक्रांत पिता भोलेनाथ भारती उम्र 40 वर्ष, निवासी गर्वमेंट कॉलोनी अपनी मोटर सायकल से अपनी मॉं पार्वतीबाई उम्र 60 वर्ष व बेटी राशीका उम्र 14 वर्ष को डेलनपुर एक मांगलिक कार्यक्रम में जा रहे थे। इसी दौरान बायपास पर पीछे से आ रहे हार्वेस्टर ने मोटर सायकल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही दादी और पौती की मौत हो गई। भोला भारती कांग्रेस के पूर्व पार्षद हैं। इस घटना की सूचना मिलते ही गर्वमेंट कॉलोनी में शौक की लहर छा गई। भारती परिवार डेलनपुर एक मांगलिक कार्यक्रम में जा रहा था। मृतक पार्वतीबाई के पौते व मृतक राशीका के भाई का रविवार को जन्मदिवस था, इसी उपलक्ष्य में डेलनपुर बालाजी मंदिर के दर्शन करने जा रहे थे। राशीका ने अपने स्कूल में गणतंत्र दिवस पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया था, जिसके लिए वह रविवार सुबह स्कूल में प्रेक्टिस करने भी गई थी। इस कारण वह डेलनपुर जाने में लेट हो गई थी, परिवार के सभी सदस्य सुबह ही चले गए थे। 12 बजे स्कूल से आने के बाद राशीका अपने पिता व दादी के साथ डेलनपुर जा रही थी। इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई।
