कृष्णा नगर में उपद्रवियों ने फैलाई दहशत , प्रकरण दर्ज

जबलपुर: गोहलपुर थाना अंतर्गत कृष्णा नगर गली नंबर 02 में देर रात करीब 1:45 बजे अज्ञात बदमाशों ने जमकर आतंक मचाया। दोपहिया वाहनों पर सवार होकर आए इन उपद्रवियों ने इलाके में घरों के बाहर खड़ी आठ से अधिक गाडिय़ों में लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ तोडफ़ोड़ की और विरोध करने पर रहवासियों को जान से मारने की धमकी दी। जिसको लेकर नागरिकों में भारी रोष और दहशत का माहौल है। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर पतासाजी शुरू कर दी है ।जानकारी के अनुसार देर रात दोपहिया वाहनों से पहुंचे कुछ अज्ञात लोग कृष्णा नगर में दाखिल हुए। आरोपियों ने घरों के सामने पार्क वाहनों पर डंडों से हमला बोलकर उनके कांच चकनाचूर कर दिए। इस दौरान वे जोर-जोर से चिल्लाकर हंगामा मचा रहे थे, जिससे पूरी कॉलोनी में हडक़ंप मच गया।

उपद्रवियों ने रावेन्द्र पटेल की गाड़ी एमपी 20 जेडक्यू 6144, राम नरेश साहू की गाड़ी एमपी 20 जेडवी 8275, राकेश चौधरी की गाड़ी एमपी 20 एनबी 9586, दामिनी गोस्वामी की गाड़ी क्रमांक एमपी 20 जेडई 5320, राजेश यादव की गाड़ी क्रमांक एमपी 20 एक्सई 1271, राविन्द्र कुकरेले की गाड़ी क्रमांक एमपी 20 जेडके 0902 और अधिवक्ता की कार क्रमांक एमपी 20 सीएफ 3567 के अलावा अन्य कई वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचाया।

हंगामे और तोडफ़ोड़ की आवाज सुनकर जब कॉलोनी के लोग घरों से बाहर निकले, तो उपद्रवियों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। भागते समय बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि आज तो तुम लोग बच गए हो, लेकिन अगली बार जान से खत्म कर देंगे। घटना के वक्त मौके पर मौजूद रावेन्द्र पटेल, राविन्द्र कुकरेले, राम नरेश साहू और राजेश यादव ने पूरी वारदात को अपनी आंखों से देखा जिसके बाद सभी थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि कॉलोनी और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें हिरासत में लिया जा सके।

Next Post

अतिथि शिक्षक चयन में गंभीर अनियमितता, माड़ा प्रभारी प्राचार्य निलंबित

Wed Oct 7 , 2026
सिंगरौली : शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माड़ा में अतिथि शिक्षकों के चयन एवं जॉइनिंग प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता सामने आने के बाद प्रभारी प्राचार्य राम लल्लू शाह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी सिंगरौली कविता त्रिपाठी के प्रतिवेदन के आधार पर संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण रीवा […]

You May Like