हर जरुरतमंद परिवार के “अपने घर” का सपना साकार करेंगे – बिरला

कोटा, 24 जनवरी (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि हर जरुरतमंद परिवार के ‘अपने घर’ का सपना साकार करेंगे।

श्री बिरला शनिवार को राजस्थान में कोटा के जगपुरा क्षेत्र में 832 आवासों सहित 67 करोड़ रूपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास करने के बाद समारोह में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि हर जरुरतमंद के “अपने घर” के सपने को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

श्री बिरला ने कहा कि हमने चरणबद्ध 10 हजार मकानों के निर्माण का लक्ष्य रखा है, जगपुरा से इसकी शुरूआत हो रही है। हर गरीब को पक्की छत, हर गाँव तक सड़क और हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुँचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही खेल मैदान, सीसी सड़क, सामुदायिक भवन सहित मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों का भी शिलान्यास हुआ।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में देशभर में तीन करोड़ से अधिक प्रधानमंत्री आवास बनाकर गरीबों के जीवन में स्थायित्व और सम्मान सुनिश्चित किया गया है। अल्प आय वर्ग के परिवार अब किराए के बोझ से मुक्त होकर आसान किस्तों में अपने घर के मालिक बने हैं।

श्री बिरला ने कहा कि अफोर्डेबल आवास योजनाओं के तहत मामूली मासिक किस्तों में घर उपलब्ध कराए जाएंगे। रोज़ाना छोटी बचत से भी “अपने घर” का सपना साकार होगा, इसके लिए जल्द योजना शुरू होगी। उन्होंने कहा कि कभी जगपुरा क्षेत्र में पक्की सड़कें, पानी और बिजली जैसी सुविधाओं का अभाव था, लेकिन अब यह क्षेत्र सीसी सड़कों, फोरलेन कनेक्टिविटी, बेहतर जलापूर्ति और आवास सुविधाओं के साथ तेजी से विकसित हो रहा है।

 

 

Next Post

गणतंत्र दिवस पर यूरोप का विशेष सम्मान, भारत-EU मुक्त व्यापार समझौते पर निर्णायक वार्ता

Sat Jan 24 , 2026
नई दिल्ली। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन शनिवार को राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचीं। वे यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंतोनियो कोस्टा के साथ 26 जनवरी को भारत के 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। यह दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्रों […]

You May Like