इंदौर: इंदौर से मुंबई आने-जाने वाले यात्रियों को इंडिगो और एयर इंडिया के बाद अब एक और फ्लाइट की सुविधा मिलने जा रही है. अब स्टार एयर भी इंदौर से मुंबई के लिए सीधी फ्लाइट शुरू करने जा रही है. 15 जनवरी से शुरू हो रही यह फ्लाई सप्ताह में पांच दिन चलेगी. कंपनी ने इसकी बुकिंग भी शुरू कर दी है. कंपनी ने इसका शुरुआती किराया करीब पांच हजार रुपए रखा है. दूसरी ओर स्टार एयर ने इंदौर-बेंगलुरु की अपनी उड़ान को बंद कर दिया है.
जानकारी अनुसार यह फ्लाइट इंदौर से सीधे मुंबई जाएगी. अब तक कंपनी इंदौर से गोंदिया, अहमदाबाद और बेंगलुरु के लिए उड़ानों का संचालन कर रही थी, लेकिन अब कंपनी मुंबई रूट पर भी उड़ान शुरू कर रही है. यह फ्लाइट शुक्रवार और रविवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन संचालित होगी. इंदौर से यह उड़ान रात 10 बजे रवाना होगी, जो रात 11.15 बजे मुंबई पहुंचेगी. जबकि मुंबई से यह शाम 4.30 बजे रवाना होगी, जो शाम 5.50 बजे इंदौर पहुंचेगी. वहीं, दूसरी ओर कंपनी ने विंटर शेड्यूल में शुरू की गई अपनी इंदौर-बेंगलुरु उड़ान बंद कर दी है.
ज्ञात हो, मुंबई देश के बड़े एयरपोर्ट्स में शामिल है, जहां से देश-विदेश के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलती है. इसी कारण एयरलाइंस इस रूट पर उड़ानों का संचालन करना पसंद करती हैं. इंदौर से मुंबई जाने वालों की संख्या काफी अधिक है. इंदौर मध्यप्रदेश का प्रमुख व्यापारिक और औद्योगिक केंद्र है, यहां से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के लिए एक और सीधी उड़ान शुरू होने से यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी. यह रूट हमेशा डिमांड में रहता है और यहां की उड़ानें अक्सर फुल रहती हैं.
