इंदौर:शहर के सिलिकॉन क्षेत्र में सड़कें जर्जर होने और यातायात दबाव बढ़ने से लोग परेशान हैं. मुख्य चौराहे की हालत इतनी खराब है कि बारिश के दौरान शाम को यहां अक्सर भारी जाम लग जाता है. कई बार वाहन निकालने तक की जगह नहीं बचती, जिससे राहगीरों को भी दिक्कत होती है.रहवासी दीपक पाटीदार ने बताया कि बारिश के बाद सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता. उन्होंने कहा कि कई बार दोपहिया वाहन चालक फिसल चुके हैं और आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता पैदल चलने वालों को कीचड़ और जमा पानी से परेशानी होती है.
मौके पर मौजूद एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर निगम और पार्षद से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से सुनवाई नहीं हो रही, जिससे स्थिति जस की तस बनी हुई है. दीपक पाटीदार का कहना है कि यह इलाका दिनभर व्यस्त रहता है और शाम के समय ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ जाता है. ऐसे में खराब सड़कें और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा देती है. कई बार एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ता है.
व्यवस्था सुधारने की मांग
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सिलिकॉन क्षेत्र की सड़कों की तुरंत मरम्मत कराई जाए और जल निकासी व्यवस्था सुधारी जाए. साथ ही चौराहे पर ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि बारिश के मौसम में आमजन को ऐसी परेशानी न झेलनी पड़े. क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो हालात और बिगड़ सकते हैं. स्थानीय रहवासी दीपक पाटीदार सहित अन्य नागरिकों ने नगर निगम, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील की है।
