जबलपुर: सभी विकास कार्य और जनता से जुड़े मामले समय सीमा के भीतर ही पूर्ण होने चाहिए। मैदानी निरीक्षण के दौरान जो भी कमियां पाई गई हैं, उन्हें तुरंत सुधारा जाए। अधिकारी केवल दफ्तर में न बैठें, बल्कि खुद फील्ड में उतरकर कार्यों की गुणवत्ता और गति की निगरानी करें। ये सारी बातें निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने शनिवार को 5 विभागों की समीक्षा बैठक के दौरान कहीं।
बैठक की शुरुआत में निगमायुक्त ने स्वास्थ्य और सीएम हैल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की स्थिति जानी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नागरिकों की शिकायतों का निवारण हमारी प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी प्रकार निगमायुक्त ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित कराने निर्देश दिए। इसको गति प्रदान करने निगमायुक्त ने बैंक पदाधिकारियों को भी सहयोग प्रदान करने आग्रह किया।
इन मुद्दों पर भी की गई समीक्षा
इस दौरान निगमायुक्त अहिरवार ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को और दुरुस्त करने तथा कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी दिनों में नागरिकों को सुचारू और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कार्य योजना की समीक्षा की।
साथ ही भवन एवं लोक कर्म विभाग के अंतर्गत शहर में चल रहे निर्माण कार्यों, सड़कों की मरम्मत और बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। शहर के बैठक में निगमायुक्त ने निर्देशित किया कि प्रमुख बाजारों और मार्गों को यातायात के लिए सुगम बनाने तथा अवैध अतिक्रमण पर निरंतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
