जबलपुर: घरों में नलों से आ रहे गंदे पानी से त्रस्त होने के बाद अब बीते 3 दिनों से महाराणा प्रताप वार्ड के भूकंप कॉलोनी के रहवासियों का एक बड़ा समूह पीने के पानी के लिए तरसता नजर आ रहा है। आलम ये है कि कोई साईकिल तो कोई एक्टिवा तो कोई रिक्शा के सहारे दूर दूर से पीने का पानी लेकर अपने घरों में आने मजबूर हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार भूकंप कॉलोनी के करीब 250 घरों में बीते 3 दिनों से नलों की मेन पाइप लाइन को बंद कर दिया गया है जिससे अब पानी एक बूंद भी नहीं आ रहा है।
स्थानीय निवासी वीरेंद्र शर्मा, अमर सिंह ठाकुर, राजेश चौकसे, जगदीश विश्वकर्मा, विक्की साहू, प्रकाश सांगले सहित अन्य ने नवभारत को बताया कि पानी न आने से उन्हें बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निगम प्रशासन व जल विभाग के अफसरों को जल्द से जल्द इलाके में पेयजल व्यवस्था सुचारू रूप से शुरू करना चाहिए। गंभीर समस्या में जल विभाग के जिम्मेदार अफसर ने कहा है कि एक दो दिन में इलाके में पाइप लाइन से पेयजल आने लगेगा और लोगों को राहत मिलेगी।
इसलिए की गई थी खुदाई….
जानकारी के अनुसार भूकंप कॉलोनी में नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा नाली चौड़करण का कार्य चल रहा था जिसमें पेयजल लाइन सीमा के भीतर आई और कुछ जगह वह क्षतिग्रस्त हो गई थी जिस कारण लोगों के घरों में गंदा पानी आने लगा था। इसके साथ ही क्षेत्र में जलप्लावन न हो इसके लिए नाली खोदी गई थी। जो कि अब परेशानी की मुख्य वजह बन चुकी है।
ये कहते हैं जिम्मेदार….
जल विभाग के जिम्मेदार अधिकारी संदीप जायसवाल ने स्पष्ट किया कि भूकंप कॉलोनी की पानी की पुरानी पाइपलाइन को हटाकर करीब 1100 फुट की नई पाइप लाइन स्थापित करने का काम जारी है। करीब एक से दो दिन के भीतर नई पाइप लाइन स्थापित हो जाएगी और फिर लोगों के घरों में स्वच्छ पानी आने लगेगा।
