जबलपुर: नई कटनी जंक्शन के डिपार्चर यार्ड में अब रात के समय रेल परिचालन और कर्मचारियों के कामकाज में अंधेरे की बाधा नहीं रहेगी। जबलपुर रेल मंडल ने यहां आधुनिक पोर्टल लाइटिंग का काम पूरा कर 11 पोर्टल बूम स्ट्रक्चर पर 130 फ्लड लाइटें लगाई हैं। प्रत्येक लाइट 160 वाट क्षमता की है। इससे पूरे यार्ड में समान और पर्याप्त रोशनी मिलेगी, जिससे रात में रेल परिचालन से जुड़े कार्यों की निगरानी, निष्पादन और आवाजाही अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक होगी।
मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के मार्गदर्शन में यह कार्य निर्धारित समय से पहले पूरा किया गया। वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता वीरेंद्र कुमावत के समन्वय तथा मंडल विद्युत अभियंता जे.एस. पाल, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता अजवीर सिंह और उनकी टीम की सक्रिय भूमिका रही। नई व्यवस्था से यार्ड में दृश्यता बेहतर होने के साथ कर्मचारियों की कार्यदक्षता और सुरक्षा में भी सुधार होगा।
