छठ महापर्व पर गोरखपुर क्षेत्र के आठ डिपो से 300 अतिरिक्त बसों का संचालन

गोरखपुर, 13 नवंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए रोडवेज की 80 बसें विशेष रूप से रात्रिकालीन सेवा के तहत संचालित की जा रही हैं।

गोरखपुर रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह के मुताबिक, गोरखपुर से विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए रोडवेज की 80 बसें विशेष रूप से रात्रिकालीन सेवा के तहत संचालित की जा रही हैं। इन बसों में महिलाओं, बुजुर्गों और अकेले यात्रा करने वाले कामकाजी लोगों को भी सुविधाजनक सफर का विकल्प मिल रहा है।

निजी बस ऑपरेटर भी लंबी दूरी के अधिकतर मार्गों पर रात के समय बसों का संचालन कर रहे हैं, ताकि यात्री सुबह समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। त्योहारों के दौरान घर लौटने और काम पर वापस जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यूपी रोडवेज ने भी विशेष इंतजाम किए हैं।

दीपावली के बाद अब लोक आस्था के महापर्व छठ पर यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज प्रशासन ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है। इसी क्रम में 8 नवंबर से 15 नवंबर तक गोरखपुर क्षेत्र के आठ डिपो से विभिन्न प्रमुख मार्गों पर 300 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जा रहा है। इससे दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज समेत पूर्वांचल के अन्य जिलों में आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिल रही है।

रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक के मुताबिक, छठ पर्व के दौरान पूर्वांचल की ओर आने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। यात्रियों को बस स्टेशनों पर अधिक देर तक इंतजार न करना पड़े, इसके लिए बसों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। रात्रिकालीन सेवाओं के दौरान चालकों और परिचालकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही प्रमुख बस अड्डों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर पुलिस प्रशासन का भी सहयोग मिल रहा है।

बीते कुछ वर्षों में सड़क संपर्क सुविधाओं के विस्तार और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने से रात के समय यात्रा करना पहले की तुलना में आसान हुआ है। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी के साथ परिवहन सेवाओं की उपलब्धता ने यात्रियों को अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा का समय चुनने का विकल्प दिया है। अब कई लोग समय बचाने और सुबह अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए रात्रिकालीन बस सेवाओं को प्राथमिकता दे रहे हैं।

छठ महापर्व के अवसर पर अतिरिक्त बसों का संचालन और रात्रिकालीन सेवाओं की उपलब्धता यात्रियों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। इससे त्योहार पर घर पहुंचने की राह आसान हो रही है। योगी सरकार की ओर से बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के प्रयास आमजन के सफर को अधिक सुविधाजनक बनाने में सहायक साबित हो रहे हैं।

 

 

Next Post

लोकगीतों के जरिए ग्रामीणों को दिया नशामुक्ति का संदेश

Fri Nov 13 , 2026
झाबुआ. कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देश एवं उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग श्री पंकज सांवले के मार्गदर्शन में शासकीय कलापथक दल द्वारा ग्राम खेड़ी (पिटोल) में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय भाषा के लोकगीतों, संवाद और रोचक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों एवं युवाओं […]

You May Like