
झाबुआ. कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देश एवं उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग श्री पंकज सांवले के मार्गदर्शन में शासकीय कलापथक दल द्वारा ग्राम खेड़ी (पिटोल) में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय भाषा के लोकगीतों, संवाद और रोचक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों एवं युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।
कलापथक दल ने तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाली शारीरिक और मानसिक समस्याओं की जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। बताया गया कि परिवार का स्नेह, सकारात्मक संवाद और सही मार्गदर्शन नशे की आदत छोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवाओं को अच्छी संगति अपनाने, सकारात्मक वातावरण में रहने तथा तनाव, अकेलापन और बोरियत जैसी परिस्थितियों में उचित परामर्श लेने की समझाइश दी गई।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति संबंधी सहायता एवं परामर्श के लिए हेल्पलाइन नंबर 14446 की जानकारी भी दी गई। शासकीय कलापथक दल की श्रीमती कुसुम भूरिया एवं श्रीमती सुमन सलाम ने लोकगीतों, संवाद और नशामुक्ति की शपथ के माध्यम से प्रभावी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, खुशहाल और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया गया।
