
नयी दिल्ली 08 अप्रैल (वार्ता) स्वयंसेवी संगठन सेवा इंटरनेशनल ने पूर्वी एशिया के क्षेत्रों में आये विनाशकारी भूकंप के बाद म्यांमार और थाईलैंड में तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिये हैं।
सेवा इंटरनेशनल के वैश्विक समन्वयक श्याम परांडे ने मंगलवार को यहां बताया कि हजारों प्रभावित परिवारों को भोजन, चिकित्सीय और आश्रय सामग्री जैसी आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है। यह मानवीय पहल भारत सरकार, म्यांमार में भारतीय दूतावास और स्थानीय साझेदार संगठनों के साथ समन्वय में संचालित की जा रही है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार इस आपदा में 2,800 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। इसके अलावा 4,600 से अधिक लोग घायल हुए हैं और लाखों लोग विस्थापित हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य पीड़ितों तक समय पर राहत पहुंचाना है। म्यांमार में भारतीय दूतावास और स्थानीय समुदायों के साथ मिलकर ज़मीन पर काम किया जा रहा है। प्रतिदिन 4,000 से अधिक ताजा भोजन पैकेट किये जा रहे हैं। भारत से 53 बक्सों में जीवनरक्षक दवाईयां भेजी गई हैं और सगाइंग जनरल अस्पताल में रात्रिकालीन सर्जरी के लिए सर्जिकल लाइट्स स्थापित की गई हैं।
श्री परांडे ने कहा कि आपदा में म्यांमार और थाईलैंड अकेले नहीं है। भारत करुणा, मित्रता और समर्पण के
साथ उनके साथ खड़ा है।
सेवा इंटरनेशनल एक गैर-लाभकारी मानवीय संगठन है, जो 30 से अधिक देशों में सक्रिय है और आपदा राहत, पुनर्वास, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और सामुदायिक विकास के क्षेत्रों में कार्य करता है।