चित्रकूट और मैहर में पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा प्रारंभ

सतना/मैहर :मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अनूठी पहल पर मध्यप्रदेश में हवाई पर्यटन के क्षेत्र में एक गौरवशाली अध्याय प्रारंभ किया गया है। प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी को सुदृढ कर पर्यटकों की संख्या में वृद्धि करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा का संचालन विधिवत शुरू हो गया है।वाइल्ड लाइफ सेक्टर के शेडयूल के अनुसार जबलपुर-मैहर-चित्रकूट-मैहर-जबलपुर ट्रिप वन पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा की पहली उडान 24 नवम्बर सोमवार को सुबह 10.40 बजे जबलपुर से मैहर पहुंची।

यहां नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, सांसद सतना गणेश सिंह, विधायक मैहर श्रीकांत चतुर्वेदी, नगर पालिका अध्यक्ष गीता संतोष सोनी, वनसमिति के सभापति हरीशकांत त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष कमलेश सुहाने, अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती रानी बाटड, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, एसडीएम दिव्या पटेल, सीएसपी महेन्द्र सिंह, सीएमओ सुषमा मिश्रा सहित गणमान्य नागरिकों ने पहली उडान का उत्साह और उमंग के साथ पारंपरिक स्वागत किया।

इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में प्रदेश के पर्यटन स्थलों और आध्यात्मिक धार्मिक महत्व के स्थलों को एयर कनेक्टिविटी से जोडकर पर्यटन के क्षेत्र को नई दिशा दी जा रही है। सतना जिले के चित्रकूट और मैहर जिले के धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में आर्थिक विकास और रोजगार के साधन बढेंगे।

सांसद सतना गणेश सिंह ने कहा कि धार्मिक पर्यटन हमेशा उस क्षेत्र और प्रदेश के विकास के मील के पत्थर होते है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दूरगामी सोच से प्रदेश के सभी तीर्थ स्थलों, पर्यटन क्षेत्रों को हवाई सुविधा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा प्रारंभ की गई है। उन्होंने कहा कि मैहर और चित्रकूट के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। विधायक मैहर श्रीकांत चतुर्वेदी ने कहा कि मैहर प्रसिद्ध धाम को पीएम श्री हेलीकॉप्टर सेवा मिलने से अब यह धार्मिक स्थल भी हवाई सेवा मार्ग से जुड गया है।

मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के क्षेत्रीय प्रबंधक एनएस राणा ने बताया कि निर्धारित शेडयूल के अनुसार सप्ताह में दो दिन सोमवार और मंगलवार को मैहर और चित्रकूट के लिए पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा दी जायेगी। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड और फ्लाई ओला कंपनी मैहर और चित्रकूट आने वाले यात्रियों के लिए मैहर में शीघ्र दर्शन सुविधा, प्रसाद और स्थानीय ट्रांसपोर्ट सेवाओं के लिए भी पैकेज तैयार करेगी।

पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा के तहत मैहर पहुंचे हेलीकॉप्टर ने स्थानीय जनों को ज्वाय राइड भी कराई। हेलीकॉप्टर ने प्रातः 11.35 बजे मैहर से सतना जिले के चित्रकूट के लिए उडान भरी। जिसमें नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, सांसद सतना गणेश सिंह और मैहर से सिंगरौली जिले के बरगवां निवासी यात्री रीतेश शाह ने हेलीकॉप्टर से चित्रकूट तक का सफर तय किया।

Next Post

मुरली अंडरब्रिज में जाम से आमजन काफी परेशान

Tue Nov 25 , 2025
सीहोर। शहर के व्यस्ततम मुरली अंडरब्रिज में रोजाना जाम के हालत बनने से राहगीर काफी परेशान हो रहे हैं. भारी वाहनों की आवाजाही से निर्मित होने वाले जाम में स्कूली वाहनों के फंसे रहने से बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पा रहे तो अन्य वाहनों में सवार लोगों को […]

You May Like