
रतलाम। पुलिस विभाग में आदेश की अवहेलना कर स्थानांतरण के बाद भी पूर्व पदस्थाना पर ही कार्य करने के मामले में एसपी ने अब 16 पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया गया। इसको लेकर गुरुवार रात एसपी अमित कुमार ने आदेश जारी कर एक साथ 16 पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया। आदेश में लाइन अटैच किए गए पुलिसकर्मियों में 2 एएसआई, 2 हेड कॉन्स्टेबल और 12 कॉन्स्टेबल शामिल हैं। इतनी संख्या में पुलिसकर्मी लाइन अटैच होने से विभाग में प्रशासनिक कार्रवाई चर्चा में रही। इनमें जावरा शहर थान से 4 पुलिसकर्मी शामिल हैं।
एसपी अमित कुमार के अनुसार इन पुलिसकर्मियों का विभाग द्वारा पहले ही अन्य इकाइयों और थानों में ट्रांसफर किया जा चुका था। उन्हें रेडियो मैसेज और अन्य माध्यमों से नई पदस्थापना स्थल पर जॉइनिंग देने के निर्देश भी दिए जा चुके थे। इसके बावजूद ट्रांसफर होने पर कई पुलिसकर्मी अपनी पुरानी जगहों पर जमे रहे। बार-बार निर्देश देने के बाद भी आदेश का पालन न करने पर एसपी ने गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता मानते हुए ये कार्रवाई की। एसपी अमित कुमार ने कहा कि आदेशों का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य है। अनुशासनहीनता व लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
इन्हें किया लाइन अटैच
जिले के थाना कालूखेड़ा पर पदस्थ सउनि-गलसिंह भावेल,सैलाना थाना के कार्य. सउनि-सोबान सिंगाड़, बाजना थाना के कार्य. प्रआर सूर्यपाल,स्टेशन रोड़ थाना के कार्य. प्रआर निलेश पाठक, बिलपांक थाना के आरक्षक हेमन्त यादव, दीनदयाल नगर थाना के आरक्षक कैलाशी कटारा,जावरा शहर थाना के आरक्षक नितिन सक्सेना, यशवंत चौधरी,पंकज पंवार, जीवन, नामली थाना के आरक्षक मनोहर नागदा, शांतिलाल,रावटी थाना के आरक्षक महेश,सरवन थाना के आरक्षक पुष्कर, चौकी सालाखेड़ी थाना स्टेशन रोड़ के आरक्षक जितेन्द्र,स्टेशन रोड़ थाना के आरक्षक विजय सिंह शामिल हैं।
