एनएमडीसी ने झारखंड के टोकीसुद नॉर्थ कोयला खदान में प्रारंभ किया खनन

नयी दिल्ली, 24 जनवरी (वार्ता) राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) ने झारखंड के हजारीबाग जिले में स्थित टोकीसुद नॉर्थ कोयला खदान में खनन शुरू कर दिया है।

एनएमडीसी ने शुक्रवार को हुए इस उद्घाटन के साथ औपचारिक रूप से कोयला खनन क्षेत्र में कदम रखा है। कंपनी ने पहली बार लौह अयस्क से परे रणनीतिक विस्तार किया है, जिससे पूर्वी भारत में इसकी मौजूदगी और मजबूत हुई है।

टोकीसुद नॉर्थ कोयला खदान एनएमडीसी के रणनीतिक विविधीकरण की यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कोयला खनन क्षमता में वृद्धि से घरेलू कोयले की उपलब्धता में वृद्धि होने, विद्युत क्षेत्र को समर्थन मिलने और विकसित भारत की परिकल्पना के अनुरूप देश की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने की उम्मीद है।

केंद्रीय इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने रणनीतिक विविधीकरण के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “एनएमडीसी को एक ही खनिज पर केंद्रित खनन कंपनी से हटकर एक रणनीतिक रूप से विविध और भविष्य के लिए तैयार खनन कंपनी के रूप में विकसित होना चाहिये। एनएमडीसी को कोयला, महत्वपूर्ण खनिजों और अन्य रणनीतिक संसाधन क्षेत्रों में विस्तार करके अपने निवेश को राष्ट्रीय नीति की प्राथमिकताओं के मुताबिक ढालना होगा। यह विविधीकरण भारत की संसाधन सुरक्षा और दीर्घकालिक आर्थिक स्थिरता को मजबूत करने के लिए आवश्यक है।”

टोकिसुद नॉर्थ परियोजना बड़े पैमाने पर ग्रीनफील्ड खनन परियोजनाओं के विकास और संचालन में एनएमडीसी की सिद्ध क्षमताओं को रेखांकित करती है।

 

Next Post

51 वर्षों की अखंड रामायण परंपरा ने रचा इतिहास

Sat Jan 24 , 2026
जबलपुर। जानकी नगर की गलियों में सुबह से ही अलग ही रौनक थी। जय श्रीराम के उद्घोष, शंखनाद और रामचरितमानस की चौपाइयों से पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। मौका था चौबे परिवार द्वारा विगत 51 वर्षों से निरंतर चली आ रही अखंड रामायण परंपरा के सम्मान समारोह का, जहां सनातन […]

You May Like