
इंदौर. लसुडिया क्षेत्र के निरंजनपुर में खतरनाक तरीके से मोटरसाइकिल चलाने के चलते 8 वर्षीय बालक की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है.आरोपी से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है.
थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताय कि 20 जनवरी 2026 को शाम करीब 4 बजे निरंजनपुर में शिवांक पिता ज्ञानीशंकर शर्मा, उम्र 8 वर्ष, निवासी निरंजनपुर को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी थी. हादसे में बालक की मौके पर ही मौत हो गई थी. सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए. जांच में सामने आया कि बिना नंबर की यामाहा मोटरसाइकिल चला रहा रितिक भदौरिया निवासी निरंजनपुर नई बस्ती, देवास नाका, पहले भी कॉलोनी की गलियों में तेज और लापरवाह वाहन चलाने को लेकर कई बार समझाइश दिया जा चुका था. इसके बावजूद आरोपी ने 20 जनवरी को भी तेज गति और खतरनाक ढंग से बाइक चलाते हुए शिवांक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी रितिक पिता अर्जुन भदौरिया, उम्र 21 वर्ष, के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. बताया गया है कि हादसे के दौरान गिरने से आरोपी के दाहिने हाथ में चोट भी आई है. मामले की जांच की जा रही है.
