
रतलाम। शहर के आईए थाना अंतर्गत बिरियाखेड़ी क्षेत्र में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पांचवीं कक्षा के छात्र का शव उसके ही घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। बच्चा स्कूल नहीं गया था, फिर भी उसने स्कूल की यूनिफॉर्म पहन रखी थी।
बुधवार दोपहर करीब 2 बजे जब मां काम से लौटकर घर पहुंची, तो हॉल के दरवाजे के बीच दुपट्टे से बने फंदे पर बेटे को लटका देख उसके होश उड़ गए। मां की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे।
पिता के आने से पहले ही लोगों ने बच्चे को फंदे से उतार लिया। परिजन आनन-फानन में बच्चे को 80 फीट रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोपहर करीब 4 बजे शव को मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया।
शाम 5 बजे पिता और परिजन धाने पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि मृत छात्र परिवार का इकलौता जीवित बेटा था। इससे पहले डेढ़ साल की उम्र में उनके एक अन्य बेटे की बीमारी के चलते मौत हो चुकी थी। अब इकलौते बेटे की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चे का स्कूल समय सुबह 10 बजे से था। बुधवार को वह स्कूल नहीं गया, हालांकि मां ने सुबह काम पर जाने से पहले उसका टिफिन तैयार कर दिया था, लेकिन बाद में उसने स्कूल जाने से मना कर दिया था।
फिलहाल शव मेडिकल कॉलेज की मर्क्युरी में रखा गया है। गुरुवार पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
