सिंगरौली: भारतीय जनता पार्टी के मोरवा मंडल अध्यक्ष विनोद सिंह कुरवंशी से जुड़े प्रकरण में अब तक कोई अंतिम संगठनात्मक निर्णय नहीं हो सका है। पार्टी की ओर से जारी नोटिस का जवाब निर्धारित समय सीमा में प्राप्त होने के बाद उसे प्रदेश कार्यालय भेज दिया गया है, जहां से आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाना है।यह मामला 26 दिसंबर को एनसीएल मुख्यालय के समीप हुई एक घटना से संबंधित है, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हुई। घटना को लेकर मोरवा थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था।
इसके पश्चात बैस समाज के प्रतिनिधियों ने जिला भाजपा अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर संगठनात्मक स्तर पर निर्णय की मांग की थी। इसी क्रम में मंडल अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।जिला भाजपा अध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने बताया कि मंडल अध्यक्ष का जवाब प्राप्त हो चुका है और उसे प्रदेश कार्यालय भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय वहीं से लिया जाएगा।
इस बीच बैस समाज के पदाधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि यदि शीघ्र निर्णय नहीं हुआ, तो वे प्रतिनिधि मंडल के साथ भोपाल जाकर प्रदेश नेतृत्व से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेंगे। फिलहाल संगठनात्मक निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।
