इंदौर: कनाड़िया बायपास पर गुरुवार सुबह तड़के एक तेज रफ्तार तूफान वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से भिड़ गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 अन्य यात्री घायल हुए हैं. इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया है.थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताया कि हादसा बायपास पर बिचौली मर्दाना ब्रिज के समीप तड़के करीब 4 बजे हुआ.
तूफान वाहन में सवार सभी यात्री मध्यप्रदेश के सीहोर में आयोजित पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में शामिल होकर लौट रहे थे. लौटते समय अचानक बायपास पर खड़े एक ट्रक से वाहन टकरा गया. हादसे में खरगोन के इंदिरा नगर निवासी मंटू वर्मा पिता मुन्नालाल वर्मा की जान चली गई. मंडू पढ़ाई के साथ पिता के सब्जी व्यवसाय में भी हाथ बंटाता था. हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई.
वहां से गुजर रहे अन्य राहगीरों ने तत्काल पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी. कुछ ही देर में कनाड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक सड़क किनारे खड़ा था, जिसे चालक ने बिना रिफ्लेक्टर या संकेत के छोड़ दिया था. इसी बीच तेज गति से आ रही तूफान गाड़ी ट्रक से टकरा गई.
हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान इस प्रकार हुई है, कीर्ति पति संतोष, मोतीपुरा, खरगोन, संदीप पुत्र अमरसिंह, जेतपुरा, गौरव पुत्र बद्रीलाल, इंदिरा नगर, संतोष मोतीलाल, मोहन सिंह पुत्र सखाराम, बासूबाई पति अनराम, विमला बाई पति शंभु सिंह, मन्नु पुत्र काका वर्मा, कंचन कर्मा, विमला बाई पति सुरेश, भगवती बाई पति बंशीलाल, आकाश पुत्र गोपाल, बसु पति बंशीलाल, सक्कूबाई पति मोहन, इनमें से दो घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है जिसके चलते उनका इलाज आईसीयू में किया जा रहा है. मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि कनाड़िया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, मृतक मंटू वर्मा का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रक किन परिस्थितियों में सड़क पर खड़ा था और उसमें चेतावनी संकेतक क्यों नहीं लगे थे
