सिलवानी:सांसद खेल महोत्सव के दो दिवसीय आयोजन का शुभारंभ सिलवानी में उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता के प्रथम दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पहले दिन क्रिकेट और कबड्डी के मुकाबले खेले गए, जिनमें रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत पहला सेमीफाइनल मैच बेगमगंज नगर और प्रतापगढ़ के बीच खेला गया।
इस मुकाबले में प्रतापगढ़ की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए बेगमगंज नगर को पराजित किया और फाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में ग्रामीण बेगमगंज और सिलवानी की टीमें आमने-सामने रहीं, जिसमें सिलवानी की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर फाइनल में प्रवेश किया।समापन दिवस पर क्रिकेट में तीसरे स्थान के लिए बेगमगंज ग्रामीण और बेगमगंज नगर के बीच मुकाबला आज खेला जाएगा, जबकि फाइनल मुकाबला प्रतापगढ़ और सिलवानी के बीच होगा।
कबड्डी प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। पहला कबड्डी मैच ग्रामीण बेगमगंज और सिलवानी के बीच खेला गया, जिसमें सिलवानी की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ग्रामीण बेगमगंज को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरा कबड्डी मुकाबला प्रतापगढ़ और नगर बेगमगंज के बीच खेला गया जिसमें प्रतापगढ़ ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए विजय श्री को प्राप्त किया।
आज 18 जनवरी को समापन अवसर पर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इस अवसर पर शासकीय महाविद्यालय प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा एवं पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
