
गुना: जिले के फतेहगढ़ कस्बे में शुक्रवार शाम लगभग 8 बजे राजस्थान और मध्य प्रदेश पुलिस में मुठभेड़ हो गई। मामला इतना संगीन हो गया कि राजगढ़ पुलिस को फतेहगढ़ में हवाई फायर तक करना पड़ गया।दरअसल राजगढ़ जिले की सारंगपुर पुलिस शुक्रवार को इलाके में हुई डकैती की वारदात के एक आरोपी को पकड़ने के लिए राजस्थान स्थित शाहाबाद थाना क्षेत्र पहुंची थी।
सूत्रों के मुताबिक सारंगपुर पुलिस ने डकैती के आरोपी को दबोच लिया और उसे अपने वाहन में बैठ कर मध्य प्रदेश की ओर चल पड़ी। इसी बीच शाहपुर थाना क्षेत्र में एक अपहरण हो गया। मुखबिर ने शाहपुर पुलिस को बताया कि अपहरणकर्ता वाहन में बैठाकर पीड़ित को मध्य प्रदेश की ओर ले गए हैं। फिर क्या था शाहपुर पुलिस ने भी सारंगपुर पुलिस की गाड़ी को अपहरण कर्ताओं का वाहन समझा और उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
दोनों राज्यों की पुलिस फतेहगढ़ पहुंच गई। जहां फतेहगढ़ पुलिस ने भी राजस्थान पुलिस का साथ दिया और सारंगपुर पुलिस के वाहन को रोकने का प्रयास किया। सब कुछ इतना आनन फानन में हुआ कि सारंगपुर पुलिस ने पुलिस के वाहनों को डकैतों का समर्थक माना और फतेहगढ़ के व्यावसायिक इलाके में हवाई फायर कर दिया। इसके बाद सारंगपुर पुलिस की गाड़ी किसी तरह वहां से भाग निकली। बाद में राजस्थान और फतेहगढ़ पुलिस को पूरा माजरा समझ आ गया।
इसलिए बनी भ्रम की स्थिति
इस मामले में खास बात यह रही की राजगढ़ जिले की सारंगपुर पुलिस ने नियम के मुताबिक राजस्थान के शाहाबाद क्षेत्र में स्थानीय पुलिस को सूचना नहीं दी थी कि वह डकैती के आरोपी को पकड़ने आ रही है। नियम अनुसार किसी भी थाना क्षेत्र की पुलिस दूसरे जिला या राज्य की सीमा में कार्रवाई करने जाती है तो संबंधित पुलिस को सूचना देनी होती है। इसी बीच शाहाबाद में अपहरण का मामला सामने आ गया। देखा जाए तो दोनों थाना क्षेत्र की पुलिस अपना-अपना काम कर रही थी लेकिन एक दूसरे से संवाद स्थापित नहीं करने की वजह से भ्रम की स्थिति बन गई।
