हर घर तिरंगा अभियान के रंग में रंगा ‘फिट नीमच 5 किलोमीटर दौड़’ का आयोजन

नीमच। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर एफओके एमएमए अकादमी, नीमच के तत्वावधान एवं साक्षी सुरक्षा वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग से ‘फिट नीमच 5 किलोमीटर दौड़’ मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने हरी झंडी दिखाकर मिनी मैराथन का शुभारंभ किया।

विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्र के प्रति समर्पण, गौरव और कर्तव्य की प्रेरणा देता है। स्वस्थ शरीर और मजबूत संकल्प के साथ प्रत्येक नागरिक विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दे सकता है।

वहीं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने कहा कि फिटनेस केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ और सक्रिय नागरिक ही स्वस्थ समाज एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर हम सब भारत के कल्याण और बेहतरी में अपना योगदान दें।

वर्तमान में जिले में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उत्साह को भी मिनी मैराथन से जोड़ा गया। अनेक प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर दौड़े। तिरंगे के साथ दौड़ते युवाओं एवं शहरवासियों ने राष्ट्रप्रेम, एकता, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। तिरंगे के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ फिटनेस के प्रति जागरूकता का यह अनूठा संगम आयोजन का विशेष आकर्षण रहा।

मिनी मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं सहित शहरवासियों को नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। 5 किलोमीटर की इस दौड़ में नीमच शहर के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। 16 वर्ष से अधिक आयु के विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ दौड़ पूरी की।शहर की विभिन्न फिटनेस अकादमियों, जिम एवं दौड़ से जुड़े समूहों के सदस्यों ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता की।आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम में खेल भावना,अनुशासन और फिटनेस के प्रति सकारात्मक वातावरण बना रहा।

पुरुष वर्ग में कोटा के मोहित ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 5,100 रुपये, नीमच के पीयूष ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 3,100 रुपये तथा बूंदी के विक्रम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर 2,100 रुपये का पुरस्कार जीता।महिला वर्ग में अश्वति ने प्रथम, रोजलिन ने द्वितीय तथा सत्यप्रभा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक दौड़ में हिस्सा लेकर अपनी फिटनेस एवं खेल भावना का परिचय दिया।

तिरंगे के साथ दौड़ते प्रतिभागियों ने दिया स्वस्थ, सक्रिय और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत युवा भारत का संदेश। मिनी मैराथन ने युवाओं को नियमित व्यायाम एवं शारीरिक सक्रियता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के साथ ही राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नीमच श्री पराग जैन सहित बड़ी संख्या में फिटनेस प्रेमी, खिलाड़ी एवं शहरवासी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन कुशाग्र सिंह ने किया। उन्होंने पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और कार्यक्रम को ऊर्जावान बनाए रखा।

Next Post

पंख अभियान के तहत बालिकाओं के सशक्तिकरण और बांछड़ा समुदाय को रोजगार से जोडऩे पर जोर

Wed Aug 12 , 2026
नीमच। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पंख अभियान के अंतर्गत बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण तथा बांछड़ा समुदाय के परिवारों को मुख्यधारा से जोडक़र सम्मानजनक एवं स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने के संबंध में जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम […]

You May Like