सतना: अपने स्थापना दिवस के मौके पर नगर निगम सतना दो दिवसीय गौरव दिवस का आयोजन करने जा रही है। इस दो दिवसीय आयोजन में पहले दिन 24 जनवरी को आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी होंगी जबकि समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल होंगे। यह जानकारी स्थानीय व्यंकटेश लोक में आयोजित एक प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान महापौर योगेश ताम्रकार ने दी। इस दौरान अधीक्षण यंत्री एसके सिंह, उपायुक्त सत्यम मिश्रा एवं कार्यपालन यंत्री आरपी सिंह मंचासीन रहे।
प्लॉग रन से होगी गौरव दिवस की शुरुआत
महापौर योगेश ताम्रकार ने बताया कि नगर निगम सतना के गौरव दिवस की शुरुआत 24 जनवरी को प्लाग रन से होगी। इसी दिन व्यंकटेश लोक में स्कूली छात्रों की पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। व्यंकटेश लोक में ही पतंगबाजी के बाद शहर की महिलाओं द्वारा बघेली व्यंजनों पर आधारित व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन होगा जबकि सायंकालीन कार्यक्रम में स्थानीय गायकों द्वारा अपनी प्रस्तुति दी जाएगी। पहले दिन का सबसे आकर्षक कार्यक्रम विख्यात विचारक और चिंतक बाबा सत्य नारायण मौर्य का होगा। लगभग 8 साल बाद श्री मौर्य का सतना में कार्यक्रम होगा। 2018 में बाबा सत्य नारायण मौर्य ने कंकर- कंकर शंकर की प्रस्तुति दी थी।
अंतिम दिन खेल प्रतियोगिता से शुरूआत, संगीत संध्या से समापन
महापौर योगेश ताम्रकार ने नगर निगम के स्थापना दिवस 25 जनवरी और गौरव दिवस के समापन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि सुबह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति महापौर कप के फाइनल से कार्यक्रम की शुरूआत होगी। जबकि समापन एक शाम सतना के नाम कार्यक्रम से होगी जिसमें कीर्ति सनाटिया और उनकी टीम द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। महापौर ने बताया कि इस दौरान स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से बने तीन कार्यों का लोकार्पण भी डिप्टी सीएम द्वारा किया जाएगा। 25 को ही निगम की स्मारिका का विमोचन क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेता व उप विजेता का सम्मान व शासकीय वाद्य वृंद की प्रस्तुति ज्योति चौधरी व उनकी टीम द्वारा दी जाएगी।
निगम नहीं, जनता का आयोजन
महापौर ने इस दौरान नगर गौरव दिवस के दो दिवसीय आयोजन में सभी की सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि भले ही दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजक नगर निगम है लेकिन यह कार्यक्रम समूचे नगरवासियों का है। उन्होंने नगर वासियों से इस कार्यक्रम में बढ़ चढ़ कर भाग लेने और इसे सफल बनाने की अपील की है। सभी मंचीय कार्यक्रम बीटीआई मैदान में होंगे।
