
ग्वालियर। वर पक्ष द्वारा झूठ बोलकर शादी कर लड़की वालों से लाखों रुपए का दहेज बंटोर लिया गया जिन्होंने लड़के के इनकम टैक्स ऑफिसर होने का झांसा दिया था। हकीकत सामने आने पर पीड़ित युवती ने महिला थाने पहुंचकर इसकी शिकायत की। जहां पुलिस ने विवेचना उपरांत चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। महलगांव निवासी छोटेलाल शर्मा की बिटिया मानसी शर्मा (28) ने महिला थाने में शिकायत की है, कि उसका विवाह 21 अप्रैल 2024 को हरिहर नगर में रहने वाले राधेश्याम अवस्थी के बेटे महावीर अवस्थी के साथ हुआ है। शादी के पूर्व लड़के वालों ने महावीर को इनकम टैक्स ऑफिसर बताते हुए कोलकाता में पोस्टेड होना बताया था। उनकी बातों पर भरोसा कर परिजनों द्वारा करीब 40 लाख रुपए का दहेज देकर विवाह कर दिया ।
शादी के कुछ दिन बाद ही पति छुट्टी खत्म होने की कहकर जॉब पर जाने की कहकर चला गया। उसके जाते ही सास सुनीता अवस्थी, ससुर राधेश्याम अवस्थी एवं देवर विशाल अवस्थी द्वारा कम दहेज लाने को लेकर तानाकशी करने लगे। जो मायके से और 70 लाख रुपए कैश व कार लाने का प्रेशर बनाने लगे। जो कहते थे कि अगर हमारी डिमांड पूरी नहीं की, तो तुम्हें जान से खत्म कर देंगे।
*पति ने भी परिजनों की डिमांड का किया समर्थन*
मानसी के मुताबिक ससुरालियों द्वारा दहेज की डिमांड एवं धमकी दिए जाने की बात मैंने अपने पति को कॉल करके बताई, तो वह कहने लगा कि तुम्हारी शादी एक इनकम टैक्स ऑफिसर के साथ हुई है। अतः मायके वालों से बोलकर 70 लाख रुपए कैश एवं कार तो लाना ही होगा। पीड़िता के मुताबिक जब वह पति को कॉल करती, तो वह उसका कॉल रिसीव नहीं करता बल्कि अपना मोबाइल ही स्विच ऑफ कर लेता था। जबकि ससुराल वाले उस पर मायके से दहेज लाने की डिमांड को लेकर हर रोज उसे तंग कर रहे थे। ऐसे में उसका वहां जीना ही दुष्वार हो गया।
*रिश्तेदारों से बातचीत करने पर पता लगी सच्चाई*
ससुराल में दुख झेल रही मानसी ने पिता को अपनी स्थिति बताई तो उन्होंने वर पक्ष से जुड़े रिश्तेदारों से बातचीत की। जिनके जरिए पता लगा कि महावीर कोई इनकम टैक्स ऑफिसर नहीं है। सच्चाई सामने आने पर पीड़िता ने महिला थाने पहुंचकर शिकायत की। जहां पुलिस ने मामले की विवेचना उपरांत राधेश्याम अवस्थी, महावीर अवस्थी, सुनीता अवस्थी व विशाल अवस्थी को आरोपी बनाते हुए उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 319(2), 318(4), 85, 351(3) व 3 (5) के तहत एफआईआर दर्ज कर कर ली ली है। है। सभी आरोपी फरार बताए गए हैं, जिनकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।
*इनका कहना है…*
नवविवाहिता ने ससुराल वालों द्वारा झूठ बोलकर शादी करने एवं काफी दहेज लेने के बावजूद और कैश व कार की डिमांड किए जाने की शिकायत की थी। मामले की जांच उपरांत पति सहित चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों को जल्द अरेस्ट किया जाएगा।
_रश्मि भदौरिया, महिला थाना प्रभारी
