प्रेम संबंध में युवक की पीट-पीटकर हत्या, 11 आरोपी अरेस्ट 

बैतूल। प्रेम संबंध के चलते एक युवक की सामूहिक हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बैतूल के थाना शाहपुर क्षेत्र में घटित इस घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर हत्या में शामिल सभी 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।

घटना की शुरुआत 4 मई 2025 को हुई, जब ग्राम मण्डई खुर्द निवासी संगीता नागले अपने पति बलदेव से विवाद के चलते अपनी 5 वर्षीय बेटी के साथ प्रेमी राजा घोरपड़े (निवासी घाट पिपरिया, बैतूल) के साथ गुजरात चली गई थी। संगीता का भाई अशोक उसे समझा-बुझाकर इस वादे पर वापस लाया कि वह तलाक करवा कर उसकी राजा से शादी करवाएगा।

लेकिन 16 जून को जब संगीता और राजा गुजरात से लौट रहे थे, तब भौंरा में बस से उतारकर बलदेव और अन्य परिजनों ने उन पर हमला कर दिया। राजा को जबरन पकड़कर ग्राम गुरगुंदा स्थित अरुण बेले के घर ले जाया गया, जहां उसे बेरहमी से लाठी, पाइप, बेल्ट और लात-घूंसों से पीटा गया। राजा को गंभीर अवस्था में थाना शाहपुर लाया गया, जहां से तुरंत उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया, परंतु इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

संगीता नागले की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर धारा 103(1) सहित कई धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। सभी 11 आरोपी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किए गए, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Next Post

चाकू लगा, युवक की मौत

Wed Jun 18 , 2025
जबलपुर। सिविल लाइन थाना अंतर्गत इंदिरा मार्केट में चाकू लगने से एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक ने चाकू खुद मारा या उस पर किसी ने चाकू से हमला किया, इसका फिलहाल अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि परिजन मामले […]

You May Like