
ग्वालियर। स्वामी विवेकानंद की 164वीं जयंती के अवसर पर राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में छात्र शंखनाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर देश और छात्रहित को ध्यान में रखते हुए विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर रहे। विशिष्ट अतिथि ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर थे। अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। ग्वालियर के विभिन्न कॉलेजों से सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की 164वीं जयंती पर एक राष्ट्र, एक चुनाव के कंसेप्ट पर विचार देशहित में है। एक साथ चुनाव होने से बार-बार चुनावी खर्च नहीं होता जिससे जनता की खून-पसीने की कमाई का सदुपयोग विकास कार्यों में हो पाता है। साथ ही समय की भी बचत होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तय है और यह अवधारणा उसी दिशा में सशक्त कदम है।
भाजपा जिला अध्यक्ष राजौरिया ने कहा कि भारत पहले विश्वगुरु था और अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में फिर से विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। मोदी ने जो कहा, वह करके दिखाया। धारा 370 हटाई गई, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ, नया संसद भवन देश को मिला और कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव देश के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे संसाधनों और समय का बेहतर उपयोग होगा। पहले भी लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होते थे, तो अब इसमें दिक्कत क्या है। उन्होंने ओडिशा का उदाहरण देते हुए बताया कि एक साथ चुनाव होने से क्षेत्रीय दलों को भी लाभ होगा और लोकतंत्र अधिक मजबूत बनेगा। स्थिर शासन का सबसे बड़ा लाभ छात्रों और युवाओं को मिलता है। शैक्षणिक कैलेंडर, परीक्षाएं और रोजगार योजनाएं बाधित नहीं होतीं।
छात्रों ने कहा…
कृषि यूनिवर्सिटी के छात्र सुमित परमार ने कहा कि एक साथ चुनाव से पढ़ाई के दौरान चुनावी व्यवधान नहीं होंगे, जिससे परीक्षाएं और शोध कार्य समय पर पूरे हो सकेंगे।
छात्रा सुखदेवी अहिरवार ने बताया कि स्वामी विवेकानंद के विचार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाते हैं और स्थिर सरकार से शिक्षा व छात्र कल्याण योजनाओं का लाभ समय पर मिलता है।
शुभम माहौर ने कहा कि नीतियों की निरंतरता से युवाओं को करियर प्लानिंग में सुविधा होगी और सरकार का ध्यान विकास व रोजगार पर रहेगा।
कृष्णा सांवला ने कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव से देश का समय और धन बचेगा, जिसका सीधा लाभ छात्रों को मिलेगा।
छात्रा चंद्रिका परते ने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों में राष्ट्रभक्ति और जिम्मेदारी की भावना बढ़ती है तथा स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी मार्गदर्शक हैं।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं महापौर विवेक नारायण शेजवलकर, गजेंद्र सिंह तोमर, प्रेम सिंह राजपूत, मनीष सिंह चंदीला, सांझ शर्मा, निखिल शर्मा, गौरव सांगला, गौरव मिश्रा , हर्ष गांधी, चिराग जैन, हर्ष गुप्ता, अनुभव शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
