कोलकाता, 17 जनवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में महिला सुरक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ममता बनर्जी की सरकार महिलाओं की सुरक्षा नहीं करने पर आलोचना की।
श्री मोदी मालदा से गुवाहाटी के बीच चलने वाली देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद मालदा में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने तृणमूल सरकार पर जमकर हमला बोला और उस पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, केन्द्र की कल्याणकारी योजनाओं को रोकने और महिलाओं की सुरक्षा न कर पाने का आरोप लगाया।
श्री मोदी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार गरीबों के लिए कई कल्याणकारी योजनायें चला रही है, फिर भी पश्चिम बंगाल के लोगों को उनके हक के फायदे नहीं मिल रहे हैं, क्योंकि राज्य सरकार का रवैया ‘क्रूर और बेरहम’ है। उन्होंने कहा, “हर किसी के पास पक्का घर, नल का पानी, मुफ्त राशन होना चाहिए। केंद्र ने गरीबों के लिए ये योजनाएं शुरू की हैं, और मैं चाहता हूं कि बंगाल के लोगों को इनका फायदा मिले। इन फायदों पर आपका हक है, लेकिन ये आप तक नहीं पहुंच रहे हैं।”
उन्होंने सत्तारुढ़ पार्टी पर धन की हेराफेरी का आरोप लगाते हुए कहा, “तृणमूल सरकार बेरहम है। केंद्र से गरीबों के लिए भेजा गया पैसा तृणमूल नेता लूट लेते हैं। वे बंगाल के गरीबों के दुश्मन हैं और सिर्फ अपना खजाना भर रहे हैं।” श्री मोदी ने स्वास्थ्य सुविधाओं का ज़िक्र करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल अकेला ऐसा राज्य है, जिसने आयुष्मान भारत योजना को लागू नहीं होने दिया।
उन्होंने कहा, ” मैं चाहता हूं कि बंगाल के गरीबों को देश के बाकी हिस्सों की तरह पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिले। लेकिन बंगाल ने आयुष्मान योजना को रोक दिया है। ”
श्री मोदी ने महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए हाल ही में एक महिला पत्रकार से जुड़ी घटना का ज़िक्र किया। उन्होंने कहा, ” कल मैंने देखा कि कैसे एक महिला पत्रकार को परेशान किया गया। कितनी बदतमीज़ी की गयी। तृणमूल के राज में महिलाएं स्कूल और कॉलेज में भी सुरक्षित नहीं हैं। हालात इतने बुरे हैं कि महिलाओं की आवाज़ नहीं सुनी जाती और पीड़ितों को अदालत जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है।” उन्होंने यह भी कहा कि बैलेट से बदलाव मुमकिन है।
प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार पर केंद्र की मुफ़्त बिजली और रूफटॉप सोलर योजना में रुकावट डालने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ” केंद्र हज़ारों करोड़ रुपये खर्च कर रहा है, ताकि परिवारों को मुफ़्त बिजली और ज़ीरो बिजली बिल मिल सके। मैं चाहता हूं कि बंगाल के लाखों परिवारों को भी फ़ायदा हो। लेकिन तृणमूल सरकार गरीबों के फ़ायदे वाला कोई भी काम नहीं होने देती।”
उन्होंने मतदाताओं से विकास में रुकावट डालने वालों को हटाने की अपील की।
श्री मोदी ने कहा कि वह मालदा के लोगों की तकलीफ़ कम करने आये हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ” कोई फ़ैक्ट्री नहीं है, किसानों को फ़ायदा नहीं मिल रहा है, और मालदा और मुर्शिदाबाद के युवा नौकरी के लिए बाहर जाने को मजबूर हैं। रेशम किसान और आम उगाने वाले परेशान हैं। आम किसानों का कहना है कि वे खेती की लागत भी नहीं निकाल पा रहे हैं, क्योंकि तृणमूल सरकार ने कोई पहल नहीं की।”
उन्होंने प्रदेश सरकार पर बाढ़ नियंत्रण और तटबंध परियोजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
श्री मोदी ने दावा किया, “मालदा तृणमूल के भ्रष्टाचार की वजह से परेशान है। हर साल, घर नदियों में बह जाते हैं। लोग तटबंधों के लिए गुहार लगाते रहते हैं, लेकिन सरकार उन्हें छोड़ देती है। कैग रिपोर्ट बताती है कि तटबंधों का पैसा 40 बार तृणमूल के अपने लोगों को भेजा गया, जिन्हें इसकी ज़रूरत नहीं थी, जबकि परेशान लोगों को कुछ नहीं मिला। ” प्रधानमंत्री ने भाजपा के शासन रिकॉर्ड पर रोशनी डालते हुए कहा, “ओडिशा, त्रिपुरा, असम में भाजपा की सरकारें हैं। बिहार ने एक बार फिर राजग को चुना है। बंगाल चारों दिशाओं से भाजपा के सुशासन से घिरा हुआ है। अब बंगाल में भी अच्छे शासन का समय है।”
उन्होंने कहा कि देश भर में भाजपा की हालिया चुनावी सफलताएं खासकर युवा मतदाताओं के बीच बढ़ते भरोसे को दिखाती हैं। उन्होंने कहा, ” मुंबई से तिरुवनंतपुरम तक, भाजपा वहां भी जीत रही है जहां कभी यह नामुमकिन माना जाता था। जेन जी मतदाता भाजपा पर अपना भरोसा जता रहे हैं।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “मालदा की धरती से, मैं यह साफ कहता हूं, एक बार जब भाजपा बंगाल में सरकार बना लेगी, तो तृणमूल का भ्रष्टाचार रुक जाएगा और विकास का सिलसिला शुरू हो जाएगा।”
