भगवान महावीर जन्म कल्याण महोत्सव का आयोजन

सिलीगुड़ी, 10 अप्रैल (वार्ता) पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में गुरुवार को भगवान महावीर की 262वीं जयंती के अवसर पर महावीर जन्म कल्याण महोत्सव का आयोजन किया गया।

दार्जिलिंग के सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजू बिष्ट आज यहां इस समारोह में सम्मिलित हुए। इस पावन अवसर पर उन्होंने भगवान महावीर के मूल सिद्धांतों-अहिंसा, सत्य और करुणा-को आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक बताया।

श्री बिष्ट ने कहा कि भगवान महावीर का जीवन और उनका उपदेश आत्मशुद्धि तथा आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने बताया कि यह महोत्सव केवल भगवान महावीर के जन्म की खुशी नहीं है, बल्कि उनके दिखाए गए चार प्रमुख सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संकल्प लेने का दिन है—विचार, वाणी और कर्म से पूर्ण अहिंसा, सत्य व ईमानदारी से जीवन, भौतिक वस्तुओं का त्याग कर मानसिक शांति की प्राप्ति तथा इच्छाओं एवं आचरण में आत्मसंयम।

सांसद बिष्ट ने यह भी कहा कि भगवान महावीर का अंतिम संदेश यह था कि सच्ची मुक्ति और शांति तभी संभव है जब हम अपने अहंकार और ममता का परित्याग करें। ऐसा जीवन जीने से ही आत्मा की शुद्धि होती है और जन्म-मरण के चक्र से मुक्ति यानी मोक्ष की प्राप्ति होती है।

उन्होंने महोत्सव समिति को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में सकारात्मकता और सेवा का भाव बढ़ता है। ऐसे अवसर आत्मचिंतन, ध्यान और सेवा के संकल्प लेने के होते हैं, जिससे समाज और देश का कल्याण होता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को इस पावन अवसर की शुभकामनाएं भी दीं।

Next Post

जल केवल जीवन नहीं, संस्कार भी है: यादव

Thu Apr 10 , 2025
भोपाल, 10 अप्रैल (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जल संसाधन दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं। डॉ यादव ने आज सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा ‘आपः सुजिरा अमृतः सुवर्चाः शंभू मयोभूः’ अर्थात् जल न केवल अमृतस्वरूप […]

You May Like