नयी दिल्ली, 28 फरवरी (वार्ता) ईरान पर अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई के मद्देनजर ईरान और इजराइल स्थित भारतीय दूतावासों ने वहां मौजूद भारतीय नागरिकों को बेहद सावधानी बरतने की सलाह दी है और आपात स्थिति में संपर्क के लिए फोन नंबर जारी किये हैं।
ईरान की राजधानी तेहरान स्थित भारतीय दूतावास की एडवाइजरी में कहा गया है, “बदलते घटनाक्रम के मद्देनजर ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को अत्यंत सावधानी बरतने, अनावश्यक आवाजाही से बचने और यथासंभव घरों के भीतर रहने की सलाह दी जाती है।”
एडवाइजरी में खबरों पर नजर रखते हुए स्थिति के बारे में अपडेट रखने और दूतावास की ओर से अगले आदेश की प्रतीक्षा करने की भी सलाह दी गयी है। आपात स्थिति में 989128109115, 989128109109, 989128109102 और 989932179359 पर संपर्क करने के लिए कहा गया है। इजरायल के तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने “क्षेत्र की मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए” इजरायल में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को बेहद सावधानी बरतने और हमेशा सजग रहने की सलाह दी है। उनसे स्थानीय सरकार के निर्देशों का पालन करने तथा चिह्नित शरणस्थलों के पास रहने के लिए कहा गया है।
दूतावास ने कहा है कि भारतीय नागरिकों को अगले नोटिस तक इजरायल के भीतर किसी भी तरह की गैर-जरूरी यात्रा से बचना चाहिये। उनसे स्थानीय समाचारों, आधिकारिक घोषणाओं और आपात अलर्ट पर नजर रखने के लिए कहा गया है।
किसी भी आपात स्थिति के लिए दो हेल्पलाइन नंबर 972-54-7520711 और 972-54-2428378 जारी किये गये हैं।
