सतना :सांसद गणेश सिंह की अध्यक्षता में संपन्न दिशा समिति की बैठक में सतना शहर में पुराने पालीटेक्नीक परिसर की अनुपयोगी भूमि और आबकारी विभाग के गोदाम कार्यालय परिसर की भूमि का निर्वतन कर तैयार की गई पुर्नधनत्वीकरण योजना के प्रस्ताव पर चर्चा की गई।मध्यप्रदेश गृह निर्माण मण्डल के कार्यपालन यंत्री ने बताया कि म.प्र. शासन की पुर्नधनत्वीकरण नीति के तहत पुराने पालीटेक्नीक परिसर की 8771 वर्ग मीटर भूमि निर्वतन की 76 करोड रूपये की योजना बनाई गई थी।
इसमें 59 करोड 25 लाख रूपये के 112 आवासीय शासकीय भवन, कलेक्ट्रेट के पास 600 सीटर टाउनहाल, मल्टी लेवल पार्किग, लोक निर्माण विभाग का संभागीय कार्यालय और पालीटेक्नीक में 14 क्लास रूम के शासकीय प्रस्तावित कार्य कराये जाने है। इसी प्रकार आबकारी विभाग की 5947 वर्ग भूमि अनुमानित मूल्य 80.88 करोड में निर्वतन से प्राप्त राशि से पुराने ओव्हर ब्रिज से जोडते हुए मेगामार्ट के सामने से रेल्वे स्टेशन तक ओव्हर ब्रिज का 48.60 करोड लागत से निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा 48.60 करोड रूपये की लागत से आबकारी विभाग का आफिस स्टाफ क्वार्टर एवं 3 नये गोदामों का निर्माण कार्य भी प्रस्तावित है। प्रस्ताव राज्य साधिकार समिति की ओर विचार और स्वीकृति हेतु प्रेषित किये गये हैं।
