
सौसर। सौसर के बोरगांव निवासी युवा क्रिकेटर मंगेश यादव ने अपनी प्रतिभा के दम पर आईपीएल (IPL) में जगह बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) द्वारा नीलामी में मोटी रकम देकर खरीदे जाने के बाद, पहली बार अपने गृह नगर लौटे मंगेश यादव का क्रिकेट प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने अभूतपूर्व स्वागत किया।
सीमा से गांव तक लगा रहा तांता
नागपुर से सड़क मार्ग द्वारा आगमन पर मंगेश यादव का जोशपूर्ण स्वागत शुरू हुआ। प्रदेश की सीमा पर प्रशंसकों की भारी भीड़ ने पुष्पमालाओं और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। जैसे ही मंगेश अपने गृह ग्राम बोरगांव पहुंचे, पूरा गांव ‘मंगेश यादव जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा। आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ उन्हें जुलूस के रूप में घर तक ले जाया गया।
मेहनत में कोई कसर नहीं: मंगेश
‘नवभारत’ से विशेष चर्चा करते हुए मंगेश यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार और कोच के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा, “RCB जैसी बड़ी टीम का हिस्सा बनना मेरे लिए गौरव की बात है। आईपीएल मुकाबलों में मैं अपने प्रशंसकों और टीम प्रबंधन के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। इसके लिए मैं दिन-रात मैदान पर पसीना बहा रहा हूं।
क्षेत्र में खुशी की लहर
गौरतलब है कि मंगेश को आरसीबी द्वारा ऑक्शन में भारी बोली लगाकर टीम में शामिल किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल बोरगांव बल्कि पूरे सौसर क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति एक नया उत्साह देखा जा रहा है। स्वागत समारोह में युवा सरपंच पंकज दातारकर सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, खेल संघों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि मंगेश यादव ऑलराउंडर प्लेयर है।
