सतना: थाना चित्रकूट पुलिस ने मवेशियों का अवैध परिवहन कर रहे एक कंटेनर और एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। इन वाहनों से 71 मवेशी मुक्त कराते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाही की गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक जीएस वाजपेयी की टीम ने यह कार्रवाही की है।पुलिस के अनुसार, 28 फरवरी को खबर मिली कि सफेद रंग के पिकअप वाहन एमपी 19 जेडएम 6583 में मवेशी लेकर बगदरा घाटी रोड होते हुए फतेहपुर उत्तरप्रदेश तरफ ले जा रहे हैं।
सूचना पर रजौला स्थित मां कृपा होटल के सामने वाहन को रोका गया। इस वाहन में 13 मवेशी मिले। इसी वाहन में सवार इबरान खान, मुर्शीद खान, सबरे खान, मोहम्मद गुलाम जिलानी खान सभी निवासी ग्राम मरवा थाना जैतवारा को पकड़ा गया। इसी तरह दूसरी सूचना मिली कि कंटेनर एमएच 04 जीसी 5024 में मवेशी बगदरा घाटी होते हुए आ रहे हैं। इस वाहन को मोहकमगढ़ पुलिया के आगे रोका गया। कंटेनर में 58 मवेशी मिले।
मवेशी मुक्त कराते हुए इसमें सवार मोहम्मद आशिफ खान निवासी ग्राम भोगनीपुर जिला कानपुर देहात उत्तरप्रदेश, सफरुद्दीन निवासी हनुमानताल जबलपुर, सलमान कुरैशी निवासी बोराबाग जबलपुर, समीर खान निवासी बोराबाग को गिरफ्तार किया गया। दोनों प्रकरणों में आरोपियों के विरुद्ध धारा 11(घ) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 4/6 मप्र कृषक पशु परिक्षण अधिनियम एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत पंजीबद्ध किये गया। कार्रवाही में प्रधान आरक्षक अंकित सिंह बघेल, आरक्षक अनुज सिंह, आरक्षक चालक मानवेन्द्र सिंह, आरक्षक कमल गुर्जर, निखिल यादव, रामबगस नेताम की अहम भूमिका रही।
