पठापुर रोड हमले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

छतरपुर। शहर में दिसंबर महीने में हुई एक हिंसक घटना ने अब एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन ली हैं। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पठापुर रोड पर हमले में गंभीर रूप से घायल हुए 20 वर्षीय राज पाठक ने लंबी लड़ाई के बाद जिंदगी की जंग हार दी। इलाज के दौरान बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों के मुताबिक 12 दिसंबर की रात पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने हमला किया था। बताया जा रहा है कि हमलावरों का निशाना राज नहीं, बल्कि उसका दोस्त सोहन कुशवाहा था, जो मौके से भाग निकला। इसके बाद आरोपियों ने राज पाठक को घेर लिया और उस पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और पत्थरों से बेरहमी से हमला कर दिया। राज के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई थीं।

घटना के बाद परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत बिगड़ने पर पहले झांसी और फिर भोपाल एम्स रेफर किया गया। कई दिनों तक चले इलाज के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। 13 जनवरी की रात उसे वापस छतरपुर लाया गया, लेकिन 14 जनवरी की सुबह करीब 6 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी है।

राज की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी हैं। जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुल 8 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें से 6 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि चतुर उर्फ बुद्धू और पुलाव उर्फ चिंकुल अभी फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

मृतक के परिजनों ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। वहीं कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार नजर रखे हुए है।

Next Post

पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री छतरपुर पहुंचे, सुंदरकांड मंडल कार्यालय का उद्घाटन

Wed Jan 14 , 2026
छतरपुर। बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री आज 14 जनवरी को छतरपुर पहुंचे। अपने छतरपुर प्रवास के दौरान उन्होंने दोपहर करीब 2 बजे सुंदरकांड मंडल केंद्रीय समिति कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। यह कार्यालय छतरपुर जिला मुख्यालय के सागर रोड स्थित बिराज गार्डन परिसर में स्थापित किया गया है। […]

You May Like