छतरपुर। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में आयोजित बीएड प्रथम सेमेस्टर परीक्षा के दौरान अव्यवस्थाओं को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया। परीक्षा के समय छात्रों और केंद्र प्रबंधन के बीच विवाद की स्थिति बन गई, जिससे कुछ देर के लिए परीक्षा केंद्र पर अफरा-तफरी मच गई।
छात्रों का कहना है कि परीक्षा शुरू होने के काफी समय बाद तक उन्हें निर्धारित सीटें नहीं दी गईं। इस कारण उनका कीमती समय नष्ट हो गया और वे समय पर प्रश्नपत्र हल नहीं कर पाए। अव्यवस्था को लेकर जब छात्रों ने विरोध जताया, तो उनकी परीक्षा केंद्र के कर्मचारियों और प्रभारी से तीखी बहस हो गई।
आरोप है कि बहस के दौरान स्थिति बिगड़ गई और छात्रों के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की गई। छात्रों ने केंद्र प्रभारी पर अनुचित व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद परीक्षा केंद्र पर कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
इस पूरे मामले पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई है। कुलसचिव यशवंत पटेल ने बताया कि परीक्षा के दौरान पहचान पत्र जांच की प्रक्रिया चल रही थी, इसी दौरान छात्रों और स्टाफ के बीच हल्का विवाद हुआ। उन्होंने कहा कि मामला बढ़ने से पहले दोनों पक्षों के बीच समझाइश कर ली गई थी।
कुलसचिव के अनुसार, छात्रों ने भी अपनी ओर से खेद व्यक्त किया और आपसी सहमति से विवाद का समाधान कर लिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस घटना को लेकर किसी तरह की पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है और परीक्षा प्रक्रिया आगे सामान्य रूप से जारी है।
