
सिलवानी। सिलवानी नगर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक रंग ले चुका है। बुधवार रात नगर परिषद की सफाई दरोगा माला चंदेल और उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मोनू मतांबर के बीच हुए तीखे विवाद के बाद दरोगा ने मोनू मतांबर और कालू मतांबर के खिलाफ गाली-गलौज की शिकायत दर्ज कराई थी। इस कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण बताते हुए आज बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक सिलवानी थाने के बाहर एकत्र हो गए।
आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और दरोगा माला चंदेल पर भी एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर चक्काजाम कर दिया। मौके पर स्थिति संभालने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन मामले को शांत करने के प्रयास में जुटा हुआ है।
