सेल्समैन की चाकू मारकर हत्या, ऑटो से सड़क पर फेंककर भागे बदमाश

भोपाल। निशातपुरा के बेस्ट प्राइस इलाके में एक 21 वर्षीय युवक की चाकू से मार कर हत्या कर दी गई. बुधवार देर रात को अज्ञात बदमाशों ने युवक के शरीर पर कई बार वार किया. निशातपुरा थाना पुलिस ने केस दर्ज करते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है. तीन संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया है.

मिली जानकारी के मुताबिक अरविंद मीणा उर्फ छोटू निवासी प्रताप नगर होली के दिन अपने दोस्त विशाल ठाकुर उर्फ भूरा और सचिन के साथ घर से निकला था. इस बीच अरविंद पर चाकू से हमले की जानकारी परिजनों को मिली. अरविंद को तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अरविंद के शरीर पर चार से पांच जगह गहरे चाकू के घाव होने की बात सामने आई है. गुरूवार को शव का पीएम कराते हुए पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया.

निशातपुरा थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया है. पुलिस तकनीकी सहायता से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. अरविंद के दोस्तों के बयान भी लिए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि अरविंद एक कपड़े की दुकान पर सेल्समैन का काम करता था.

सूत्रों के हवाले से यह भी जानकारी सामने आई है कि अरविंद की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है. संदिग्ध विश्वकर्मा नगर निवासी बताए जा रहे हैं. पुलिस के सामने यह भी जानकारी सामने आई है कि अरविंद को एक आटो से सड़क पर फेंका गया था.

बताया जा रहा है कि बेस्ट प्राइस – तिराहे पर स्थित फब्बारे के पास अरविंद को उल्टा पड़ा देखा गया. उसकी शर्ट भी गायब थी और पेट पर चाकू का घाव होने से सड़क पर खून बह रहा था. मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुँची. घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज पुलिस खंगाल रही है. निशातपुरा थाना पुलिस फिलहाल जांच करते हुए हत्या की गुत्थी को सुलझाने का प्रयास कर रही है.

Next Post

ऐशबाग में रंग खेलते समय 25 वर्षीय प्रोफेसर का निधन, हार्ट अटैक की आशंका

Thu Mar 5 , 2026
भोपाल। ऐशबाग थाना क्षेत्र में रंग खेलते हुए एक प्रोफेसर की संदिग्ध परिस्थितयों में मौत हो गई. गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने शव परिजन को सौंप दिया. मर्ग कायम कर पुलिस जांच में जुट गई है. मिली जानकारी के मुताबिक 25 वर्षीय कृष्णा नायक निवासी ऐशबाग बुधवार को […]

You May Like