बैंगलोर-कामाख्या एक्सप्रेस के पटरी से उतरने से एक यात्री की मौत, तीन घायल

भुवनेश्वर 30 मार्च (वार्ता) ईस्ट कोस्ट रेलवे(ईसीओआर) के खुर्दा रोड मंडल में कटक-नेरगुंडी खंड पर रविवार को नेरगुंडी स्टेशन के पास बैंगलोर-कामाख्या एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के पटरी से उतर जाने से एक यात्री की मौत हो गयी जबकि तीन अन्य घायल हो गये।

ईसीओआर की ओर से जारी वक्तव्य के मुताबिक आज पूर्वाह्न 12551 बैंगलोर-कामाख्या एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस नेरगुंडी स्टेशन के पास पटरी से उतर गयी। घटना में एक यात्री शुवंकर रॉय (22) की मौत हो गयी तथा एक महिला यात्री को गंभीर चोटें आयी। दो अन्य घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रेलवे ने मृतकों के परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की है तथा घायल यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2.50 लाख रुपये तथा सामान्य रूप से घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गयी है।

वक्तव्य में कहा गया है कि रेलवे सुरक्षा आयुक्त ट्रेन के डिब्बों के पटरी से उतरने की घटना की विस्तृत जांच करेंगे। प्रभावित मार्गों पर यथाशीघ्र सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास जारी हैं। बचाव कार्यों के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया गया है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अंतर्गत दक्षिण पूर्वी सर्किल, कोलकाता के रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सी.आर.एस.) बृजेश मिश्रा आज रात बेंगलुरू-कामाख्या एसी एस.एफ. एक्सप्रेस के पटरी से उतरने वाले स्थान का निरीक्षण करेंगे।

इस बीच ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “’कटक में निरगुंडी स्टेशन के पास कामाख्या एक्सप्रेस के पटरी से उतरने से घायल यात्रियों की स्थिति की समीक्षा की। ओडिशा सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सेवा मिले और सभी स्वास्थ्य देखभाल खर्च वहन किये जायें। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। बचाव और राहत अभियान प्राथमिकता में हैं।”

Next Post

महाराष्ट्र के बीड की मस्जिद में धमाका, दो आरोपी गिरफ्तार

Sun Mar 30 , 2025
औरंगाबाद 30 मार्च (वार्ता) महाराष्ट्र में बीड जिले के अर्धमसला गांव में ईद से एक दिन पहले रविवार को एक मस्जिद में बम विस्फोट से दरवाजे, खिड़कियां, पंखे और अन्य उपकरण तथा पवित्र पुस्तकें क्षतिग्रस्त हो गयीं। विस्फोट से मस्जिद के फर्श और आसपास के क्षेत्र में दरारें भी पड़ी […]

You May Like