
नयी दिल्ली, 04 मार्च (वार्ता) सरकार ने मद्रास और बॉम्बे उच्च न्यायालयों में कुल आठ न्यायाधीशों की नियुक्ति की है जिनमें चार मद्रास उच्च न्यायालय और चार मुंबई उच्च न्यायालय के लिये हैं।
विधि एवं न्याय मंत्रालय की मंगलवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इनमें मद्रास उच्च न्यायलय में नियुक्त चार और मुंबई उच्च न्यायालय में नियुक्त तीन न्यायाधीश इन न्यायालयों में अपर न्यायाधीश के रूप में कार्य कर रहे थे। इन्हें उनके वर्तमान न्यायालयों में स्थायी किया गया है।
मुंबई न्यायालय में चौथी नियुक्ति अपर न्यायाधीय के पद के लिए है, जो आगामी अगस्त से एक वर्ष के लिए प्रभावी होगी।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि राष्ट्रपति दौपदी मुर्मु ने भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त शक्ति का प्रयोग करते हुए इन उच्च न्यायालयों में स्थायी न्यायाधीश/अपर न्यायाधीश के रूप में नियुक्त की है।
विज्ञप्ति के अनुसार मद्रास उच्च न्यायालय में जिन अपर न्यायाधीशों को स्थायी न्यायाधीश बनाया गया है, उनमें न्यायाधीश सर्वश्री रामासामी शक्तिवेल, पी. धनबल, चिन्नास्वामी कुमारप्पन और कंडासामी राजशेखर का नाम शामिल है।
बॉम्बे उच्च न्यायालय में अपर न्यायाधीश सर्वश्री शैलेश प्रमोद ब्रह्मे, फिरदौस फिरोज पूनीवाला और जितेन्द्र शांतिलाल जैन को स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति दी गयी है। विज्ञप्ति के अनुसार श्रीमती मंजूषा अजय देशपांडे को 12 अगस्त, 2025 से एक वर्ष की नवीन अवधि के लिये अपर न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया है।
