रावलपिंडी, 19 नवंबर (वार्ता) ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ मोहम्मद नवाज (दो विकेट और नाबाद 22 रन) और फखर जमान (44) के शानदार प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान ने टी-20 मैचों की त्रिकोणीय श्रृंखला के रोमांचक मुकाबले में जिम्बाब्वे को चार गेंदे शेष रहते पांच विकेट से हरा दिया।
जिम्बाब्वे के 147 रनों के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 27 के स्कोर पर ब्रैड एवंस ने साहिबजादा फरहान (16) और इसी ओवर की चौथी गेंद पर बाबर आजम (शून्य) को पगबाधा आउटकर जिम्बाब्वे को दोहरी सफलता दिलाई। अगले ही ओवर में टी मपोसा ने कप्तान आगा सलमान (एक) को आउटकर पाकिस्तान को तीसरा झटका दिया। 10वें ओवर में सैम अयूब (22) रन बनाकर आउट हुये।
54 के स्कोर पर चार विकेट गंवा चुकी पाकिस्तान को फखर जमान और उस्मान खान की जोड़ी ने संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 61 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। 16वें ओवर में रिचर्ड एन्गरावा ने फखर जमान 32 गेंदों में (44) को आउटकर जिम्बाब्वे की मैच जीतने की उम्मीदों को फिर से जिंदा कर दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये मोहम्मद नवाज ने आतिशी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 151 रन बनाकर अपनी टीम को पांच विकेट से जीत दिला दी। जिम्बाब्वे के लिए ब्रैड एवंस ने दो विकेट लिये। रिचर्ड एन्गरावा, टी मपाेसा और ग्रीम क्रेमर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले पाकिस्तान ने मंगलवार रात टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट और तड़िवनाशे मारुमानी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 72 रन जोड़े। आठवें ओवर में मोहम्मद नवाज ने तड़िवनाशे मारुमानी (30) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। 11वें ओवर में ब्रेंडन टेलर (14) रन आउट हुये। 13वें ओवर की पहली गेंद पर सैम अयूब ने ब्रायन बेनेट 36 गेंदों में (49) को आउटकर जिम्बाब्वे की बड़ा स्कोर बनाने की उम्मीद को झटका दिया। इसके बाद पाकिस्तानी गेंदबाजी आक्रमण के आगे जिम्बाब्वे के बल्लेबाज अच्छा स्कोर नहीं कर पाये। जिम्बाब्वे ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 147 का स्कोर बनाया। कप्तान सिकंदर रजा 24 गेंदों में 34 रन बनाकर नाबाद रहे।
पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद नवाज ने 22 रन देकर दो विकेट लिये। शाहीन शाह अफरीदी, सलमान मिर्जा, सैम अयूब और अबरार अहमद ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
