इंदौर: आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने रविवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए दो आवासीय मकानों से 350 पाव देशी शराब और सूतार गली स्थित मकान से 40 किलो भांग बरामद की. टीम ने भांग पिसाई की मशीन भी जब्त की है, तीनों मामलों में प्रकरण दर्ज किए हैं.
आबकारी विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविवार सुबह पलासिया क्षेत्र की बड़ी ग्वालटोली और विनोबा नगर में कार्रवाई की. बड़ी ग्वालटोली स्थित अजय पिता राम गुलाम खेतवास के मकान की तलाशी में देशी शराब मिली. इसी तरह विनोबा नगर निवासी तनु बड़ा पत्नी विवेक खेतवास के मकान से भी देशी शराब बरामद की गई, दोनों स्थानों से 350 पाव देशी शराब जब्त की गई. इसके बाद टीम ने नगर निगम क्षेत्र की सूतार गली में कार्रवाई की. यहां एक आवासीय मकान में अवैध रूप से भांग तैयार करने का काम चल रहा था. टीम ने मौके से 40 किलो भांग और भांग पीसने की मशीन जब्त की.
आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी के अनुसार, तीनों कार्रवाई में जब्त सामग्री की कीमत करीब 1.55 लाख रुपए बताई गई है. आबकारी विभाग ने तीनों मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. उन्होंने बताया कि अवैध शराब और भांग के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. अवैध रूप से शराब रखने और भांग तैयार करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
