ब्रसेल्स, 29 मार्च (वार्ता) यूरोपीय संघ (ईयू) की समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने जहाजों को यमन के क्षेत्रीय जलक्षेत्र में प्रवेश न करने की चेतावनी दी है, क्योंकि ईरान समर्थित हूती विद्रोही समूह द्वारा व्यापारिक जहाजों पर हमले फिर शुरू किए जाने की आशंका जताई गई है।
यह चेतावनी ऐसे समय जारी की गयी है जब हूती विद्रोहियों ने शनिवार को इज़राइल पर मिसाइल हमले किए और आगे भी हमले जारी रखने की घोषणा की।
यूरोपीय संघ नौसैनिक बल ‘एस्पिडीज’ मिशन ने कहा कि विशेष रूप से लाल सागर और अदन की खाड़ी में खतरा बना हुआ है और अमेरिका या इज़राइल से जुड़े जहाजों को यमन के जलक्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी गई है, जब तक कि खतरे का स्तर कम न हो जाए।
रिपोर्ट के मुताबिक इज़राइली हितों से जुड़े जहाजों के लिए खतरे का स्तर “उच्च” आंका गया है, जबकि अमेरिका या इज़रायल से असंबद्ध जहाजों के लिए यह “मध्यम” स्तर का है।
विशेषज्ञों के अनुसार, हूती अब तक बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य के जरिए समुद्री यातायात बाधित करने की अपने सबसे प्रभावी क्षमता का पूर्ण उपयोग नहीं कर पाए हैं, जो लाल सागर को वैश्विक व्यापार मार्गों से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है।
