प्रदेश की छवि को चमकाने में पन्ना का योगदान अद्वितीय: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

पन्ना, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बुंदेलखंड की धरती हीरों, वीरों और महावीरों की धरती है। उन्होंने आल्हा ऊदल के शौर्य, रत्नगर्भा बुंदेलखंड की धरती को नमन करते हुए कहा कि बुंदेलखंड की धरती पर आकर रोम-रोम में रोमांच आ जाता है। इतिहास, धर्म, संस्कृति और खनिजों से परिपूर्ण बुंदेलखंड की धरती देश में अनूठी है। आपके लिए यहां जन्म लेना और मेरे लिए पन्ना में आना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि पन्ना जिला ने प्रदेश को हीरा के रूप में वैश्विक पहचान दिलाई है। प्रदेश की छवि को चमकाने में पन्ना का अद्वितीय योगदान है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव पन्ना जिला मुख्यालय स्थित होमगार्ड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने रिमोट के माध्यम से लगभग 184 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से मध्यप्रदेश के करीब 35 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में 210 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की। इस दौरान उन्होंने प्रतीक स्वरूप विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के हितग्राहियों एवं आत्मनिर्भर ग्राम पंचायतों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री को कृषि कल्याण वर्ष के उपलक्ष्य में हल भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विरासत से विकास की दिशा में अभूतपूर्व कार्य किया जा रहा है। हमारी संस्कृति ने संपूर्ण पृथ्वी को एक परिवार माना है। किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक समान कानून लागू किया जाएगा। जिससे नागरिक कानूनों में व्याप्त भेदभाव, और ऐसी समस्त कुप्रथाओं को समाप्त किया जाएगा जो महिलाओं, उनके व्यक्तिगत और समाजिक हितों के विपरीत हों। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता कानून समस्त समाजों, समुदायों और व्यक्तियों के लिए विवाह, तलाक, उत्तराधिकार संबंधी समस्त प्रदेशवासियों पर एक समान रूप से लागू किया जाएगा। हाल ही में इसे विधानसभा में पारित किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना से बुन्देलखंड में किसानों की स्थिति बेहतर होगी। प्रदेश के युवाओं के रोजगार के लिए अभी पुलिस के 10 हजार पदों की मंजूरी दी गई है। सभी विभागों को मिलाकर एक लाख से अधिक पद स्वीकृत किए गए हैं। आज जो सांदीपनि विद्यालयों का लोकापर्ण हुआ है वहां समस्त आधुनिक सुविधाएं प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि पन्ना में अगले वर्ष से मेडिकल कॉलेज चालू किया जाएगा। उन्होंने भगवान जुगल किशोर मंदिर के विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि प्रदान करने एवं बृजपुर में कॉलेज खोलने सहित विभिन्न सड़कों एवं पुल-पुलियों को बनवाने की घोषणा की। पन्ना विधानसभा क्षेत्र के विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश में विकास की नई रेखा खींची है और प्रदेश में विकास जमीनी स्तर पर देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि केन-बेतवा, रुंझ और मंझगाव परियोजनाओं के प्रभावितों के बैंक खातों में दो सौ करोड़ रुपए से अधिक की राशि डाली गई है। इसके साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा जनहित को देखते हुए प्रदेश में समान नागरिक संहिता को लागू करने के लिए लिएगए ऐतिहासिक निर्णय की सराहना की है।

Next Post

मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज का आईपीओ 29 जुलाई को खुलेगा, मूल्य दायरा 560 रुपये से 590 रुपये प्रति शेयर

Fri Jul 24 , 2026
नयी दिल्ली, 24 जुलाई (वार्ता) मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 29 जुलाई को निवेशकों के लिए खुलेगा और 31 जुलाई को बंद होगा। इसके लिए दो रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर का मूल्य दायरा 560 रुपये से 590 रुपये तय किया गया है। निवेशक कम […]

You May Like