नयी दिल्ली, 24 जुलाई (वार्ता) मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 29 जुलाई को निवेशकों के लिए खुलेगा और 31 जुलाई को बंद होगा। इसके लिए दो रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर का मूल्य दायरा 560 रुपये से 590 रुपये तय किया गया है। निवेशक कम से कम 25 इक्विटी शेयरों के लिए तथा उसके बाद 25-25 शेयरों के गुणकों में बोली लगा सकेंगे। कंपनी ने बताया कि 24 जुलाई 2026 तक उसके कुल 1,17,97,57,321 इक्विटी शेयर हैं। आईपीओ के तहत 8,000 करोड़ रुपये तक के नये शेयर जारी किये जायेंग। इसके अलावा प्रवर्तकों में इम्पीरियस हेल्थकेयर इन्वेस्टमेंट्स और मणिपाल एजुकेशन एंड मेडिकल ग्रुप इंडिया अपने 2,16,13,834 इक्विटी शेयर बेच रही है।
शेयर बेचने वाले अन्य निवेशकों में टीपीजी एसजी मैगजीन, सेवेन्टी सेकेंड इनवेस्टमेंट कंपनी, अम्मार, नोवो होल्डिंग्स इनवेस्ट एशिया और फोनिक्स बीयर इनवेस्टमेंट्स शामिल हैं। नये शेयर जारी कर प्राप्त राशि में से 5,552.8 करोड़ रुपये का उपयोग कंपनी की प्रमुख सहायक कंपनी मणिपुर हॉस्पिटल्स की देनदारियों के पूर्ण या आंशिक भुगतान के लिए किया जायेगा। इसके अलावा 574 करोड़ रुपये का उपयोग कंपनी की स्टेप-डाउन सब्सिडियरी (सहायक कंपनी की सहायक कंपनी) सह्याद्री हॉस्पिटल्स में अल्पांश हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए होगा। शेष राशि सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए खर्च की जायेगी।
कंपनी पूरे भारत में मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पतालों का नेटवर्क संचालित करती है, जो बाह्य रोगी सेवाओं (ओपीडी) से लेकर जटिल तृतीयक और चतुर्थक चिकित्सा सेवाएं प्रदान करता है। कंपनी के पास 31 मार्च 2026 तक 14 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 49 अस्पताल तथा 13,037 लाइसेंस प्राप्त बिस्तर थे। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का परिचालन राजस्व 10,335.75 करोड़ रुपये रहा और इस मामले में देश की निजी अस्पताल श्रृंखलाओं में वह दूसरे नंबर पर रही। इस दौरान उसका शुद्ध लाभ 916.5 करोड़ रुपये रहा। कंपनी के इक्विटी शेयरों को बीएसई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर सूचीबद्ध किये जाने का प्रस्ताव है।

