बदहाल सड़क को लेकर फूटा रहवासियों का गुस्सा

ग्वालियर। शहर की गोयल फ्लावर सिटी, जेतल विहार और आरके गार्डन कॉलोनियों को जोड़ने वाली रामौआ चौराहा से मर्सी लेन तक की मुख्य सड़क की जर्जर हालत से परेशान सैकड़ों रहवासियों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। रहवासियों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

रहवासियों का आरोप है कि पिछले कई वर्षों से करीब एक किलोमीटर लंबी यह सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से रोजाना हजारों लोगों को जान जोखिम में डालकर एनएच-44 हाईवे से आवागमन करना पड़ता है। कई बार नगर निगम और प्रशासन से शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हुई।

समस्या का समाधान न होने पर रविवार सुबह 11 बजे तीनों कॉलोनियों के रहवासी एकजुट हुए। उन्होंने पहले प्रतीकात्मक रूप से चक्का जाम किया, फिर खुद ही श्रमदान शुरू कर दिया। रहवासियों ने मिट्टी और पत्थर डालकर सड़क के बड़े गड्ढों को भरा। इस दौरान सोशल मीडिया के जरिए सरकार, नगर निगम और जनप्रतिनिधियों को टैग कर जल्द सड़क निर्माण की मांग की।

रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

वहीं प्रदर्शन के दौरान एक स्कूली छात्र ने कहा कि सड़क पर गड्ढों के कारण उसकी स्कूल बस अक्सर फंस जाती है, जिससे वह स्कूल के लिए लेट हो जाता है। घर के बाहर खेलना तो दूर, पैदल निकलने पर भी जूते मिट्टी से खराब हो जाते हैं, जिसके लिए माताएं डांटती हैं। अब सड़क ठीक होने से बस नहीं फंसेगी और स्कूल जाने में देरी नहीं होगी।

Next Post

सावन मेले में एकल नृत्य प्रतियोगिता आयोजित

Sun Aug 9 , 2026
ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा आयोजित सावन मेले में एसोसिएशन ऑफ ग्वालियर यूथ सोसायटी द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 9 से 12 अगस्त तक प्रतिदिन शाम 5 बजे से आयोजित किए जाएंगे। संस्था के अध्यक्ष संजय कट्ठल ने बताया कि […]

You May Like