नयी दिल्ली 25 जून (वार्ता) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने सरकारी किशोर सुधार गृह में एक किशोर की मौत पर स्वतः संज्ञान लेकर दिल्ली के मुख्य सचिव और पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर रिपोर्ट मांगी है।
आयोग ने मीडिया रिपोर्ट पर आज स्वतः संज्ञान लिया, जिसमें दिल्ली के मजनू का टीला क्षेत्र में सरकारी किशोर सुधार गृह में बंद 17 वर्षीय एक किशोर की उसके दो साथी कैदियों से मारपीट में गंभीर चोट आने के कारण मौत हो गई थी।
उन्होंने कहा कि 17 जून को हुई इस घटना में घायल पीड़ित को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आयोग ने इसे मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए दिल्ली के मुख्य सचिव और पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर तीन सप्ताह के भीतर मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
