गोम्मटगिरि के पास सड़क हादसा,
इंदौर: गोम्मटगिरि के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय करन डाबर की मौत हो गई. करन अपने बुआ के बेटे के साथ नाश्ता लेने जा रहा था, तभी एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी. गंभीर रूप से घायल करन को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई.गांधी नगर पुलिस ने बताया कि करन पिता कैलाश डाबर उसकी बुआ के बेटे 11 वर्षीय कान्हा के साथ रविवार दोपहर पैदल गोम्मटगिरि के पास नाश्ता लेने जा रहा था.
इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने करन को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर दूर जा गिरा. आसपास के लोगों ने तुरंत प्राथमिक इलाज कराया और फिर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. बाद में हालत बिगड़ने पर उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, जहां देर रात एक बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. गांधी नगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गांधी नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले आरोपी बाइक सवार को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने बाइक सवार के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.
